Uncategorized

जिंदगी जीने का फलसफा बताती ‘सेलिब्रेट योर लाइफ’

नई दिल्ली, 31 दिसम्बर | जिंदगी जीने का नाम है। फिर भी कई कारणों से आज की तेज भागती दुनिया में लोग खुद को काफी पिछड़ता हुआ महसूस करते हैं। पेशेवर जिंदगी में उस मुकाम तक पहुंचने की हर कोई कोशिश कर रहा है, जो इसके हकदार हैं। लेकिन कई बार खुद की काबिलियत पहचान नहीं पाने के कारण वे वहां तक पहुंचने से चूक जाते हैं। ऐसी ही कई और समस्याएं हैं, जो लोगों को खुशनुमा तरीके से जिंदगी जीने से रोकती हैं।

लेकिन 'सेलिब्रेट योर लाइफ' पुस्तक ऐसे लोगों की समस्याओं का समाधान लेकर आई है। यह पुस्तक अंग्रेजी के प्रसिद्ध विद्वान डॉ. बीरबल झा ने लिखी है। उन्होंने इस पुस्तक में कुछ ऐसे सुझाव रखे हैं, जिनसे न सिर्फ व्यक्ति के भीतर की वर्षो की समस्याओं को दूर किया जा सकता है, बल्कि इन्हें अपनाकर वे अपना आत्मविश्वास भी बढ़ा सकते हैं। लेखक ने बेहतर उद्धरणों, कहानियों और बिंदुओं के माध्यम से व्यक्तित्व को निखारने के लिए किए जाने वाले उपायों पर जोर दिया है। साथ ही जीवन की समस्याओं और उन पर सुझावों को बड़े ही जीवंत तरीके से पेश किया है।

पुस्तक में बताया गया है कि अगर सपनों को साकार करना हो, तो सपने अवश्य देखें। आपके चेतन में अगर कोई चीज है, तो उसे ऊपर उठने दें। तभी आप खुद को जान पाएंगे। परेशानियों से निराश न हों, क्योंकि आशा से ही सफलता की रोशनी बाहर निकलती है। गलतियां किससे नहीं होतीं और फिर, जब तक आप गलतियां करेंगे नहीं, सीखेंगे कैसे। जब ये बातें आपके अनुभव में शुमार हो जाएंगी तो निश्चय ही आप सफलता के हकदार होंगे।

आज लोगों को अपनी बातों से प्रभावित कर लेना सबसे बड़ी चुनौती बन गई है, लेकिन इस पुस्तक को पढ़ने के बाद यह बहुत आसान लगने लगेगा। आप अपनी बातों को किस प्रकार सहजता से रखेंगे और माहौल को अपने पक्ष में करेंगे, पुस्तक इस बारे में बताती है। साथ ही बॉडी लैंग्वेज और परिधानों को लेकर भी इसमें काफी कुछ बताया गया है, जिससे आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा।

पुस्तक में बताया गया है कि हंसना सबसे बड़ा मूल मंत्र है और अगर आप अपने दिमाग को शांत रखें, तो निश्चय ही आप जीत के हकदार होंगे। कैसे चिंता और डर को दूर भगाया जा सकता है, इस पर ध्यान दिया गया है। आप खुद को पहचानें। अपने अंदर के रहस्यों को जानें, क्योंकि खुद के प्रति सकारात्मक नजरिया आपको ऊंचे सोपान पर ले जाएगा। पुस्तक की कीमत 250 रुपये है और इसका प्रकाशन बीएपी प्राइवेट लिमिटेड ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button