Uncategorized

जामताड़ाः कृषि कार्यशाला में बोले विधायक, लूट का अड्डा बना कृषि विभाग

News Wing
Jamtara, 06 November : सोमवार को कृषि विभाग ने जिला स्तरीय रबी कार्यशाला का आयोजन किया. कार्यशाला का उद्घाटन विधायक डॉ इरफान अंसारी, उपायुक्त रमेश कुमार दुबे, जिप अध्यक्ष दीपिका बेसरा, उपाध्यक्ष शायरा बानो, 20 सूत्री अध्यक्ष संतन मिश्रा ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया.

कार्यशाला में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि कृषि विभाग लूट का अड्डा बनकर रह गया है. यहां से किसानों को सही समय पर ना तो बीज मिलता है और ना ही खाद मिलता है. जो मिलता भी है वो गुणवत्ता रहित होता है. कृषि विभाग सिर्फ और सिर्फ बैठक और कार्यशाला तक ही सीमित रह गया है. श्री अंसारी ने कहा कि हरी झंडी दिखा देने से और रथ रवाना कर देने से किसान का भला कभी नहीं हो सकता है. किसान का भला करना है तो पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण करें. तब जा कर किसान का भला होगा. आज किसान भूख से मर रहे हैं. क्षेत्र के किसानों के सामने भुखमरी की समस्या है.

सरकारी कार्यक्रम में पार्टी का गुणगान न गायें

मौके पर विधायक श्री अंसारी ने 20 सूत्री अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी कार्यक्रम में अपनी पार्टी का गुणगान न गायें. सरकारी कार्यक्रम में लोग इसके लिए नहीं आते हैं. अगर पार्टी का गुणगान गाना है तो पार्टी की बैठक में गायें. वहीं उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह विफल है. जिस सरकार के राज में किसान भूख से मर रहा है, गरीब अनाज के बिना मर रहा है, उस सरकार को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए.

खेती से अधिक लाभ लेने के लिए कार्यशाला का किया आयोजन

मौके पर उपायुक्त रमेश कुमार दुबे ने कहा कि इस प्रकार के कार्यशाला का लाभ आप लोग उठायें. कब कैसे खेती कर अधिक से अधिक लाभ कमाया जाये, इसके लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया है. इसका मकसद है कि आप लोगों को कृषि से संबंधित लाभ मिल सके. वहीं उन्होंने कहा कि किसानों के उत्थान के लिए सरकार लगातार प्रायास कर रही है. आप लोग अपने अधिकार को समझें और इसका लाभ उठायें.

ये थे मौजूद

मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी ब्रह्मदेव चौधरी, कृषि वैज्ञानिक संजीव कुमार, गणेश कुमार, किसान निताई मंडल, शंकर भंडारी सहित अन्य मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button