Uncategorized

दमिश्क में विस्फोट, 27 मरे

दमिश्क, 17 मार्च | सीरिया की राजधानी दमिश्क में शनिवार को सुरक्षा मुख्यालयों को निशाना बनाकर हुए दो आत्मघाती विस्फोटों में कम से कम 27 लोग मारे गए और करीब 100 लोग घायल हो गए। देश के स्वास्थ्य मंत्री वेल अल-हालकी ने सरकारी टेलीविजन को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक पहला विस्फोट अपराध सुरक्षा विभाग को निशाना बनाकर अल-जमारेक चौराहे पर हुआ जबकि दूसरा विस्फोट हवाई खुफिया निदेशालय को निशाना बनाकर बगदाद स्ट्रीट से जुड़ने वाले अल-तहरीर चौक पर किया गया।

सरकारी टेलीविजन ने तहरीर चौक पर हुए विस्फोट के ताजा दृश्य प्रसारित किए। फुटेज में क्षतिग्रस्त इमारतों एवं टूटे शीशे को दिखाया गया है। यह स्थान विस्फोट स्थल से 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। जबकि हवाई खुफिया इमारत के बाहर मलबे और जली हुई कारों को दिखाया गया।

टेलीविजन के अनुसार प्रारिम्भक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने विस्फोटकों से भरे वाहन को उड़ा दिया। इन विस्फोटों में ज्यादातर नागरिकों की मौत हुई है।

ज्ञात हो कि सरकार-विरोधी प्रदर्शन एवं राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासन के खिलाफ जारी बगावत की पहली वर्षगांठ के दो दिनों बाद ये हमले हुए हैं।

वेबसाइट ‘अलजजीरा’ के मुताबिक दमिश्क में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “शनिवार सुबर करीब 7.30 बजे दो भीषण विस्फोटों की आवाज सुनकर मैं जगा। इनमें से एक विस्फोट मेरे घर से एक मील की दूरी पर बगदाद स्ट्रीट में हुआ।”

इस बीच, सयुंक्त राष्ट्र-अरब लीग के दूत कोफी अन्नान ने शुक्रवार को सीरिया संकट से निपटने के लिए एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय एकजुटता का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button