Uncategorized

जदयू के कई नेताओं ने सिलवाया था नया कुर्ता-पायजामा, लेकिन मोदी ने बुलाया ही नहीं : लालू यादव

News Wing

Patna/Delhi, 3 September : आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एनडीए में शामिल होने के लिए नीतीश कुमार के जेडीयू को आमंत्रित तक नहीं किया. लालू ने कहा कि कुछ नेताओं ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए नया कुर्ता पायजामा और बंडी सिलवाई थी लेकिन आमंत्रण ही नहीं मिला. लालू ने कहा कि नीतीश कुमार ने शनिवार को स्वीकार किया था कि उनकी पार्टी को न तो सरकार में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया और न ही भाजपा के नेताओं द्वारा कैबिनेट विस्तार मुद्दे पर विचार-विमर्श किया गया. लालू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी या भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को नीतीश कुमार से विचार-विमर्श क्यों करना चाहिए, जबकि वे उनके चरित्र के बारे में जानते हैं. उन्होंने ट्वीट कर यह भी कहा कि झुंड से बंदर के भटकने पर उसे कोई नहीं पूछता.

मोदी को अपने राजनीतिक सहयोगियों पर भरोसा नहीः कांग्रेस

कांग्रेस ने केंद्रीय कैबिनेट के विस्तार एवं फेरबदल को ‘‘अधिकतम सरकार और शून्य शासन’’ करार देते हुए कहा कि इसमें चार नौकरशाहों को स्थान दिये जाने से स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने राजनीतिक सहयोगियों की क्षमता पर कोई भरोसा नहीं है. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंत्रिपरिषद के फेरबदल को निरर्थक बताया. उन्होंने ट्वीट कर कहा,  कैबिनेट फेरबदल उम्मीदों पर पानी फेरने वाला निकला. यह निरर्थक और दृष्टिविहीन है जिससे सुशासन का उद्देश्य बुरी तरह विफल हुआ है.  उन्होंने मंत्रिपरिषद विस्तार में जदयू के शामिल नहीं होने पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया, ‘‘जदयू एवं भाजपा के बीच नया मेलमिलाप विफल साबित हुआ क्योंकि जदयू स्थान पाने में कामयाब नहीं रहा.’’

केंद्रीय कैबिनेट बन गया है सीनियर सिटीजन क्लबः मनीष तिवारी

कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि 1.24 अरब की आबादी वाले जिस देश में औसत आयु 27 साल हो, वहां मंत्रिपरिषद में शामिल किये गये नये मंत्रियों की औसत आयु 60.44 वर्ष है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ओर तो युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लच्छेदार भाषण देते हैं वहीं उनका मंत्रिमंडल ‘‘सीनियर सिटीजन क्लब’’ बन गया है. उन्होंने कहा कि सबसे आश्चर्यजनक है कि कर्नाटक के अनंत कुमार हेगड़े को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जाना है. एक वीडियो सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध है जिसमें हेगड़े को उत्तरी कर्नाटक के कारवाड़ के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों को कथित रूप से पीटते हुए दिखाया गया है. उन्होंने कहा, ‘‘हेगड़े का सांप्रदायिक रूप से ध्रुवीकरण करने के प्रयास करने का पुराना रिकार्ड रहा है. उन्हें सरकार में शामिल करने से यह स्पष्ट संकेत है कि भाजपा कर्नाटक में सांप्रदायिकता फैलाना चाहती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button