News Wing
Chakradharpur, 21 September: चक्रधरपुर में माओवादियों के खिलाफ झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस और सीआरपीएफ 60 की बटालियन ने मिलकर माओवादियों के ट्रेनिंग कैंप को ध्वस्त कर दिया है. एक माओवादी समर्थक को गिरफ्तार भी किया गया है. माओवादियों ने तबाही मचाने की पूरी तैयारी कर रखी थी. उनकी साजिश को पुलिस और सीआरपीएफ ने नाकाम करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है. हालांकि माओवादी एरिया कमांडर और उसका दस्ता निकल कर भागने में कामयाब रहा.
तबाही की थी तैयारी, साजिश नाकाम
चक्रधरपुर डीएसपी सकलदेव राम और सीआरपीएफ कमांडेंट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर माओवादियों के कैंप को ध्वस्त करने की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने तबाही मचाने की तैयारी की थी. उनके पास से जितने विस्फोटक बरामद हुए हैं उससे करीब 1000 लोगों की जान जा सकती थी. माओवादी कैंप से 10 मोर्टार, एक रायफल, गोली वर्दी और नक्सली साहित्य समेत कई सामान बरामद हुए हैं. डीएसपी सकलदेव राम ने कहा कि जीवन कंडुलना और उसके दस्ते को समाप्त किया जायेगा.




