News Wing
Lucknow, 22 August: गोरखपुर जिले के बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज में हुई 33 बच्चों की मौत मामले की जांच रिपोर्ट जांच समिति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंप सकती है. आईएएनएस के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार जांच रिपार्ट में कहा गया है कि बच्चों की मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण नहीं हुई है क्योंकि जिस रात यह हादसा हुआ हॉस्पिटल में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन के सिलेंडर मौजूद थे.
दोषियों को मिल सकती है कडी सजा
गोरखपुर हादसे के संबंध में मुख्य सचिव राजीव कुमार की अध्यक्षता में गठित जांच समिति अपनी रिपोर्ट तैयार कर चुकी है. इस बीच आज ही कैबिनेट की अहम बैठक भी होनी है. बैठक में रिपोर्ट पर चर्चा के बाद दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाई करने के निर्णय लिए जा सकते हैं.
यह भी पढें:गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन रोके जाने से 30 बच्चों की मौत
20 अगस्त तक सौंपी जानी थी जांच रिपोर्ट
मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट 20 अगस्त तक सौंपी जानी थी, लेकिन कुछ संशोधनों के कारण इसमें विलंब हुआ. सोमवार सुबह मुख्यमंत्री सहारनपुर और दिल्ली दौरे पर चले गए.
33 बच्चों की मौत का कारण केवल ऑक्सीजन की कमी नहीं
मिली जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने रिपोर्ट में कहा है कि 11 अगस्त, 2017 की रात को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 33 बच्चों की मौत का कारण केवल ऑक्सीजन की कमी नहीं है. जांच टीम ने पाया कि उस रात को मेडिकल कॉलेज के अंदर पर्याप्त मात्र में ऑक्सीजन के सिलेंडर मौजूद थे. इसलिए बच्चों की मौत ऑक्सीजन की कमी से नहीं हुई.




