
Akshay Kumar Jha
Gomia/Ranchi: गोमिया उपचुनाव को ठीक से देखा जाए तो यह चुनाव बिल्कुल पिछले लोकसभा चुनाव के जैसा है. गोमिया विधानसभा क्षेत्र गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है. पिछले गिरिडीह लोकसभा चुनाव में आजसू और बीजेपी का गठबंधन नहीं था. इस उपचुनाव में भी नहीं है. आजसू से महतो उम्मीदवार मैदान में था. इस बार भी है. झामुमो से भी महतो उम्मीदवार मैदान में था. इस बार भी है. एक फॉर्वर्ड उम्मीदवार बीजेपी की तरफ से लड़ रहा था. इस बार भी एक फॉर्वर्ड उम्मीदवार बीजेपी से उम्मीदवार है. बताते चलें कि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में जीत बीजेपी की हुई थी. रवीन्द्र पांडे ने जेएमएम के जगरनाथ महतो को 40313 वोटों से हराया था. लेकिन गोमिया विधानसभा क्षेत्र के वोटों की बात करें तो इस बार भी जेएमएम बीजेपी पर भारी पड़ा था.
इसे भी पढ़ें – गोमिया-सिल्ली उपचुनाव : कुरमी बहुल इलाके में कुरमी उम्मीदवार, कुरमी वोटरों को रिझाने में अपना रहे हैं हर कुरमियाना तरीका
गोमिया विधानसभा क्षेत्र से आजसू को मिला था 25209 वोट

आजसू ने लोकसभा में जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी. क्षेत्र में कई सभाएं और कार्यक्रम हुए थे. सुदेश महतो की साख दांव पर थी. वजह उनके ससुर उमेश मेहता का उम्मीदवार होना था. यहां तक कि परोक्ष रूप से लंबोदर महतो ने भी चुनाव में आजसू की तरफ से कैंपेन किया था. सुदेश महतो ने भी कई सभा की थी. लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी गोमिया लोकसभा क्षेत्र में वो तीसरे नंबर पर थे. उन्हें गोमिया विधानसभा क्षेत्र के गोमिया प्रखंड से 8889, पेटरवार प्रखंड से 4236 और कसमार प्रखंड से 12084 वोट मिले थे. यानि गोमिया विधानसभा से आजसू को लोकसभा चुनाव में 25209 वोट मिले थे.
इसे भी पढ़ें – शिक्षा विभाग टैब घोटाला : 56 करोड़ के टैब फांक रहे धूल, 41 हजार शिक्षकों को बांटना था, बंटा एक भी नहीं (1)
गोमिया विधानसभा क्षेत्र से जेएमएम को मिला था सबसे ज्यादा 58029 वोट
गिरिडीह लोकसभा चुनाव में जेएमएम के कद्दावर नेता जगरनाथ महतो मैदान में थे. गोमिया के पड़ोसी विधानसभा डुमरी के विधायक जगरनाथ महतो की क्षेत्र में एक अलग ही पहचान है. उन्होंने बीजेपी को गोमिया विधानसभा क्षेत्र में कांटे की टक्कर दी थी और वोट भी जेएमएम को गोमिया विधानसभा में सबसे ज्यादा आया था. गोमिया विधानसभा के गोमिया प्रखंड से उन्हें 31594 वोट, पेटरवार प्रखंड से 9254 वोट और कसमार प्रखंड से 17181 वोट मिले थे. यानि गोमिया विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार रवींद्र पांडे को कांटे की टक्कर देते हुए जेएमएम के जगरनाथ महतो ने 58029 वोट लाये थे. जो आजसू और बीजेपी दोनों से ज्यादा थे.
गोमिया विधानसभा क्षेत्र से विजेता बीजेपी को मिला था 54688 वोट
गिरिडीह लोकसभा में जीत भले ही बीजेपी की हुई थी. लेकिन इस विधानसभा क्षेत्र में वोट ज्यादा जेएमएम को आए थे. पूरे लोकसभा की बात करें तो बीजेपी को 3,91,913 वोट मिले थे. जेएमएम को 3,51,600 वोट मिले थे. जीत का अंतर 40,313 वोटों का था. लेकिन गोमिया विधानसभा में बीजेपी को जेएमएम से कम वोट आया था. गोमिया विधानसभा क्षेत्र के गोमिया प्रखंड से बीजेपी को 34554 वोट, पेटरवार से 6771 वोट और कसमार से 13363 वोट मिले थे. गोमिया विधानसभा के कुल वोटों की बात करें तो बीजेपी को 54688 वोट मिले थे. जो जेएमएम के जगरनाथ महतो से 3341 वोट कम थे. हालांकि वो लोकसभा चुनाव था और ये विधानसभा उपचुनाव है. दोनों चुनावों की स्ट्रैटिजी में काफी फर्क होता है. लिहाजा गिरिडीह लोकसभा के नतीजे को गोमिया विधानसभा के नतीजे से जोड़कर कतई नहीं देखा जा सकता. यहां सिर्फ यह बताने की कोशिश हुई है कि लोकचुनाव में गोमिया विधानसभा क्षेत्र की किस पार्टी की क्या हालत थी.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




