News Wing
Gumla, 07 October: गुमला के रायडीह थाना क्षेत्र बांसडीह गांव की एक युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या कर लाश को तालाब में फेंक दिया गया. शनिवार को जब युवती का शव तालाब से बाहर निकाला गया तो गर्दन पर रस्सी बंधी हुई थी और चेहरे पर धारदार हथियार से किये गये वार का जख्म मिला है. कपड़े का हिस्सा कई जगहों से खुला हुआ था. परिजनों ने युवती की हत्या की आशंका जतायी है, वहीं एसडीपीओ भूपेंद्र राउत ने कहा कि युवती की हत्या की गयी है, लेकिन दुष्कर्म हुआ है या नहीं इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकती है.
अक्सर फोन कर युवती को परेशान करता था अमित लोहरा
मृतका की मां उर्मिला लकड़ा ने बताया कि उसकी बेटी कुशल को लुरू गांव का एक लड़का अमित लोहरा अक्सर फोन कर तंग किया करता था. घटना से पहले भी उसने फोन कर कुशल को अपने पास बुलाया था. इस बात की जानकारी लड़की ने घर से निकलने से पहले एक कागज में लिखकर दी थी. पर्चे में कुशल ने लिखा है कि अमित ने उससे कुछ रुपए लिए हैं. परिजनों ने बताया कि शव के साथ चौकीदार पर्चा अपने साथ ले गया है.
गुरुवार रात से थी गायब, शुक्रवार शाम को मिला शव
बांसडीह गांव स्थित घर में कुशल अपने परिवार के साथ थी. शुक्रवार को उसके भाई को देखने के लिए रघुनाथपुर से मेहमान आने वाले थे. परिवार के सभी सदस्य इसकी तैयारी में जुटे थे. इसी बीच गुरुवार की रात के करीब साढ़े दस बजे कुशल के मोबाइल पर कॉल आया. इसके बाद कुशल घर से चली गई. जव वह देर रात तक नहीं लौटी तब उसके घरवालों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. इसके बाद शुक्रवार की शाम गांव के कुछ चरवाहों ने चापापोखर तालाब में लड़की का शव देख कुशल के परिवार वालों को जानकारी दी. परिवार के लोगों ने शव की शिनाख्त कुशल के रूप में की.




