
Ranchi : गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की जीत पर झारखंड के विभिन्न वर्ग के लोगों ने मिलीजुली प्रतिक्रिया दी है. व्यवसायियों, वकीलों और राजनेताओं सभी ने साफ तौर पर माना है कि भाजपा की सीटें घटने का मुख्य कारण जीएसटी और नोटबंदी है. झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के व्यवसायियों और अधिवक्ताओं ने गुजरात-हिमाचल के चुनाव परिणाम पर तीखी और सधी हुई प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बताया कि गुजरात में कांग्रेस की सीटें बढ़ना ये दर्शाता है कि वहां के व्यवसायियों और दुकानदारों में नोटबंदी और जीएसटी को लेकर काफी गुस्सा है. जीएसटी को सरल नहीं बनाया गया तो इसका परिणाम राजस्थान, मध्यप्रदेश और कर्णाटक में देखने को मिलेगा. वहीं राजद ने चुनाव परिणाम पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
इसे भी पढ़ें : गुजरात और हिमाचल में भाजपा को स्पष्ट बहुमत, कार्यकर्ताओं में ख़ुशी की लहर
भाजपा की सीटें घटाने में व्यवसायियों का रहा योगदानः रंजीत गाड़ोदिया
चैंबर अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया ने कहा कि गुजरात और हिमाचल में भाजपा की सीटें घटाने में दुकानदारों और व्यवसायियों का अहम योगदान रहा. अनुमान तो था ही की बीजेपी चुनाव जीत जायेगी, लेकिन ये नहीं पता था कि सीट इतनी कम आयेगी. अगर अभी से भाजपा व्यवसायियों के लिये नहीं जागती है. सरकार तो इसका परिणाम आगामी तीन राज्य के चुनाव पर देखने को जरूर मिलेगा. आम जनता और दुकानदारों के लिये जीएसटी को सरल बनाया जाये. तब जनता का सरकार पर विश्वास बढ़ेगी.
सांप्रदायिक और ध्रुवीकरण की राजनीति से जीती भाजपाः राजेश पटेल
कपड़ा व्यवसायी राजेश पटेल ने गुजरात चुनाव में भाजपा की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सांप्रदायिक और ध्रुवीकरण की राजनीति से यहां भाजपा की जीत हुई है. कहा कि अभी भी व्यापारियों और दुकानदारों में वर्तमान सरकार के प्रति गुस्सा है. उन्होंने संदेश दिया है कि सरकार व्यवसायियों को जीएसटी में राहत देने का कार्य करे.
व्यवसायियों को अपने पक्ष में करने में नाकामयाब रही बीजेपीः खुर्शीद आलम
आलू प्याज मंडी के व्यवसायी खुर्शीद आलम ने गुजरात चुनाव में बीजेपी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा चुनाव में किसी तरह जीत तो गयी, लेकिन व्यवसायियों को अपने पक्ष में करने में नाकामयाब रहे. कहा कि झारखंड की सरकार इस चुनाव परिणाम से जरूर कुछ सबक सीखे. यहां की जनता और व्यापारियों की परेशानी को समझे.
इसे भी पढ़ें : गुजरात-हिमाचल में जीत पर बोले अमित शाह : मुद्दों से भटकने से हारी कांग्रेस, विकासवाद की हुई जीत
मोदी और बीजेपी की लोकप्रियता घट रहीः रमेश कुमार
रांची के अधिवक्ता रमेश कुमार ने कहा कि गुजरात में भाजपा चुनाव तो जीत गयी, लेकिन इस चुनाव परिणाम को देखकर यह लग रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और बीजेपी की साख धीरे-धीरे जनता के बीच घटती जा रही है.
जनता ने मोदी और बीजेपी की पोल खोल दीः अन्नपूर्णा देवी
राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि वह जनादेश का सम्मान करती हैं, लेकिन यह सच है कि बीजेपी और मोदी जी की लोकप्रियता का ग्राफ दिनोंदिन गिरता ही जा रहा है. जिस गुजरात मॉडल पर प्रधानमंत्री देश का चुनाव लड़े थे. आज वहां की जनता ने उसकी पोल खोल कर रख दी है. नोटबंदी और जीएसटी से काफी परेशान रही वहां की जनता और व्यापारियों ने अपना वोट बीजेपी को ना देकर नाराजगी का इजहार किया है. मोदी जी ने बस गुजरात की जनता को ठगने के अलावा कोई काम नहीं किया. भाजपा सिर्फ साम्प्रदायिकता पर ध्रुवीकरण के बल पर ही जीत सकती है, इनके पास कोई मुद्दा नहीं है.




