Uncategorized

गुजरात में हाई प्रोफाइल किडनैपिंग, फिरौती में मांगी गयी बिटकॉइन, एसपी ही निकले मास्टरमाइंड

एसपी  और अन्य 10 पुलिसकर्मियों पर शिकंजा

Amreli : जिनके कंधों पर लोगों की हिफाजत का जिम्मा हो, अगर वे ही जान के दुश्मन बन जाएं तो भला क्या हो. ये सवाल इसलिए उठने लगा है क्योंकि गुजरात में एक ऐसा ही वाकया सामने आया है, जहां एक बड़े व्यवसायी के अपहरण के बाद फिरौती के रुप में डिजिटल करेंसी बिटकॉइन मांगे जाने की बात सामने आई. किडनैपिंग की घटना को किसी और ने नहीं, बल्कि खुद गुजरात पुलिस ने अंजाम दिया. मामले की जांच के बाद सीआईडी के भी होश फाख्ता हो गए, क्योंकि इस मामले में एसपी के भी शामिल होने के बात पता चली, जिसके बाद अमरेली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जगदीश पटेल को हिरासत लिया गया. इससे पहले सीआईडी ने उनके आवास पर रात में छापेमारी भी की थी.

इसे भी देखें-झारखंड हाईकोर्टः 2017-18 में दर्ज हुए 6273 पीआईएल, पेंडिंग 6276, सिविल और क्रिमिनल केस मिला कर 90778 केस लंबित

खबर के मुताबिक सूरत के रियल एस्‍टेट कारोबारी शैलेष भट्ट को अगवा कर लिया था, जिसके बाद बतौर फिरौती 12 करोड़ रुपये मूल्‍य के 200 बिटकॉइन और पांच करोड़ नकद वसूले गए थे. इस मामले में गुजरात के 10 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. अमरेली के वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक जगदीश पटेल के खिलाफ भी जांच चल रही थी, जिन्‍हें सीआईडी (क्राइम) ने पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया है. आरोप है कि पटेल ने बिल्‍डर शैलेष भट्ट से करोड़ों रुपये के बिटकॉइन वसूलने में शामिल थे. अपराध शाखा में पुलिस इंस्‍पेक्‍टर अनंत पटेल को भी इसमें संलिप्‍त बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार हैं. डीजीपी (सीआईडी क्राइम) आशीष भाटिया ने बताया कि इस मामले में तीन अन्‍य आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

इसे भी देखें- महाभियोग प्रस्ताव खारिज होने पर घमासान- प्रशांत भूषण कांग्रेस के साथ, फली एस नरीमन ने कहा-फैसला सही

CBI अधिकारी के शामिल होने का शक

इस हाईप्रोफाइल अपहरण कांड में गुजरात में तैनात सीबीआई के अधिकारी सुनील नायर को भी शामिल बताया गया है. शैलेष भट्ट द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में एसपी जगदीश पटेल, इंस्‍पेक्‍टर अनंत पटेल, बिटकॉइन की जानकारी रखने वाले किरीट पालडिया और पूर्व विधायक नलिन कोटडिया को मुख्‍य अरोपी बनाया गया है. शैलेश की शिकायत के अनुसार, अमरेली पुलिस और स्टेट सीबीआई अधिकारी ने उन्‍हें एनकाउंटर करने की धमकी देकर 17 करोड़ रुपये वसूल लिए. उनका आरोप है कि इनमें से 5 करोड़ सीबीआई अधिकारी सुनील नायर ने लिए हैं. वहीं, बारह करोड़ रुपये मूल्‍य के 200 बिटकॉइन इंस्पेक्टर अनंत पटेल और एसपी जगदीश पटेल ने लिए थे. शैलेश भट्ट का आरोप है कि इस मामले में उनका पूर्व पार्टनर किरीट पालडिया भी पुलिस के साथ मिला हुआ था.

इसे भी देखें- संविधान बचाओ रैली:  मोदी पर राहुल का निशाना, रेप की घटनाओं पर चुप हैं पीएम, सिर्फ 2019 की है फिक्र

पूर्व पार्टनर पालडिया ने दी थी बिटकॉइन में पैसा लगाने की नसीहत

बिल्‍डर शैलेष भट्ट ने बताया कि नवंबर, 2016 में नोटबंदी के बाद उनके सामने नकदी में निवेश को लेकर कई समस्याएं खड़ी हो गई थीं, जिसके बाद वे सूरत के किरीट पालडिया के संपर्क में आए थे. पालडिया ने शैलेश को बिकॉइन में पैसे लगाने की सलाह दी थी. धीरे-धीरे शैलेष के पास 200 बिटकॉइन इकट्ठा हो गए थे. शैलेष ने सीबीआई अधिकारी सुनील नायर पर कार्यालय में बुलाकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button