Uncategorized

गुजरात चुनाव के लिए घोषणापत्र लाने में कांग्रेस को लग सकते हैं 15 दिन

News Wing
New Delhi, 28 October: गुजरात विधानसभा के नौ एवं 14 दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस व्यापारियों विशेषकर छोटे उद्यमियों, महिलाओं, युवाओं और किसानों से बात कर अपना घोषणापत्र लायेगी और इसे आने में करीब 15 दिनों का समय लग सकता है. यह जानकारी पार्टी के वरिष्ठ सूत्रों ने दी है.

किसानों और युवाओं के मुद्दों को विशेषतौर पर उठायेगी कांग्रेस

पार्टी के सूत्रों ने बताया कि इस बार चुनाव में कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार विशेषकर छोटे उद्यमियों, किसानों और युवाओं के मुद्दों को विशेषतौर पर उठा रही है. उन्होंने कहा कि पहले नोटबंदी और फिर जीएसटी लागू करने के कारण राज्य का उद्योग एवं व्यापार समुदाय बहुत मुश्किलों का सामना कर रहा है.

स्थानीय लोगों से बातचीत कर बनाया जाएगा घोषणपत्र

इस बारे में पूछे जाने पर एआईसीसी में गुजरात मामलों के प्रभारी महासचिव अशोक गहलोत ने बताया कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस बात पर विशेष बल देकर कहा है कि गुजरात चुनाव के लिए घोषणा पत्र स्थानीय लोगों से बातचीत करने के बाद ही बनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि पार्टी विभिन्न वर्ग के लोगों से बातचीत कर उनके मुद्दों को सुनेगी और उसके आधार पर अपना घोषणापत्र बनायेगी.

पार्टी के कई नेता घोषणापत्र के लिए करेंगे लोगों से बातचीत

सूत्रों के अनुसार अगले कुछ दिनों में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम, पार्टी के केन्द्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्य एवं सांसद मधुसूदन मिस्त्री, पार्टी के एक अन्य नेता एवं प्रौद्योगिकीविद् सैम पित्रोदा आदि गुजरात जायेंगे. वे विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से बातचीत करेंगे. उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव के लिए पार्टी का घोषणपत्र इन नेताओं की बातचीत के आधार पर ही तैयार होगा. इस काम में करीब 15 दिन लग सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button