
Ahmadabad: गुजरात सीआईडी की अपराध शाखा ने एक बिल्डर का अपहरण कर बिटक्वाइन और नकदी वसूली के मामले में कथित रुप से संलिप्त अमरेली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जगदीश पटेल को गिरफ्तार कर लिया है. सीआइडी की अपराध शाखा ने गांधीनगर स्थित विभागीय कार्यालय में दिनभर पूछताछ के बाद पटेल को गिरफ्तार किया. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पटेल को सोमवार की रात अमरेली जिला स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था.
इसे भी पढ़ेंः झारखंड हाईकोर्ट : 2017-18 में दर्ज हुए 6273 पीआईएल, पेंडिंग 6276, सिविल और क्रिमिनल मिलाकर 90778 केस लंबित
करोड़ों रुपये मूल्य का बिटक्वाइन व नकदी वसूलने का आरोप
सीआईडी (अपराध) के डीआइजी दीपांकर त्रिवेदी ने बताया कि हमने पूछताछ के बाद अमरेली के एसपी जगदीश पटेल को गिरफ्तार कर लिया है. हमने कल रात उन्हें अमरेली से हिरासत में लिया था. इस मामले में कुछ दिन पहले एक पुलिस इंस्पेक्टर, दो कांस्टेबल और एक संदिग्ध बिचौलिये को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तार पुलिस इंस्पेक्टर अनंत पटेल पर सूरत के रहने वाले एक बिल्डर शैलेश भट से करोड़ों रूपये मूल्य का बिटक्वाइन और नकदी वसूलने का आरोप है. मामले में अनंत पटेल के अलावा नौ अन्य पुलिसकर्मी और एक बिचौलिये को आरोपी बनाया गया है.
इसे भी पढ़ेंः गुजरात में हाई प्रोफाइल किडनैपिंग, फिरौती में मांगी गयी बिटक्वाइन, एसपी ही निकले मास्टरमाइंड
प्राथिमिकी में नाम नहीं था एसपी पटेल का
गौरतलब है कि एफआईआर में पुलिस अधीक्षक जगदीश पटेल का नाम शामिल नहीं था, लेकिन जांच के दौरान उनकी कथित संलिप्तता सामने आयी. इसी बीच गुजरात के पुलिस महानिदेशक शिवानंद झा ने पटेल को निलंबित करने का आदेश दिया है.
सीआईडी अपराध शाखा ने बिल्डर श्री भट को अगवा करने और डिजिटल करेंसी बिटक्वाइन और कुछ नगदी की फिरौती लेने के सिलसिले में आठ अप्रैल को अनंत पटेल और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. उनके खिलाफ अपहरण, फिरौती, अवैध तरीके से हिरासत में रखने के संबंध में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और भ्रष्टाचार उन्मूलन अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था. अपनी शिकायत में भट ने नौ फरवरी को गांधीनगर के एक होटल से आरोपी पुलिस कर्मियों पर अपहरण करने का आरोप लगाया था.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




