News Wing
Garhwa, 28 October: गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र स्थित डोला गांव निवासी 26 वर्षीय विवाहिता सुमित्रा देवी की हत्या पति चन्देश यादव ने चाकू घोंपकर कर दी. परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग मोटरसाइकिल की मांग कर बेटी को प्रताड़ित करते थे. घर में मारपीट और कलह की वजह से ही मृतक सुमित्रा देवी दशहरा से ही अपने मायके रहने के लिए आ गई थी. लेकिन कल सुबह घर के लोग छठ पूजा के लिए घाट गए हुए थे, पत्नी को घर पर अकेला देख पति चन्देश यादव ने चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर पत्नी को लहूलुहान कर दिया.
इलाज के दौरान रिम्स में घायल महिला की मौत हो गई
इस घटना की जानकारी जब घर वालों को लगी, तब आनन-फानन में गढ़वा स्थित सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया. जहां डॉक्टर ने घायल की गंभीर अवस्था को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया. लेकिन इलाज के दौरान रिम्स में घायल महिला की मौत हो गई.
घर में अकेला देख मौके का उठाया फायदा कर दी हत्या
मृतक सुमित्रा देवी के भाई विकास यादव ने कहा की बहन का विवाह ग्राम शक्ति, थाना धुरकी जिला गढ़वा निवासी चन्देश यादव से 2011 में धूमधाम से कराया था. लेकिन शादी के कुछ सालों बाद ही ससुराल पक्ष के लोग पैसा और गाड़ी की मांग कर बहन को प्रताड़ित करने लगे. जिसके बाद बहन को घर ले आया, लेकिन छठ पूजा के दौरान घर के सभी लोग घाट चले गये थे. बहन घर में अकेली थी, मौका देख कर चाकू गोदकर उसकी हत्या कर दी गयी.
परिजनों ने ससुराल के लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
परिजनों ने सास मुरली देवी, ससुर राम प्रताप यादव, देवर नीलेश यादव पर हत्या का आरोप लगाया. मृतक सुमित्रा देवी की दो लड़की और एक लड़का है जिनका घटना के बाद रो-रो कर बुरा हाल है.




