नई दिल्ली : कल तक शायद किसी को मोहित गोयल में दिलचस्पी नहीं थी लेकिन आज हर कोई दुनिया का सबसे सस्ता स्मार्टफोन लॉन्च करने वाली कंपनी के डायरेक्टर मोहित गोयल के बारे में जानना चाहता है।
हर किसी के दिल में एक ही सवाल गूंज रहा है कि आखिर गोयल साहब हैं कौन और उन्होंने इतना बड़ा करिश्मा किया कैसे क्योंकि इतना सस्ता स्मार्टफोन आखिर हो कैसे सकता है? सबसे सस्ता स्मार्ट फोन Freedom 251 आईये जानते हैं रिंगिंग बेल के डायरेक्टर मोहित गोयल के बारे में जिन्हें फेसबुक पर लोग ‘क्यूट मोहित’ के नाम से जानते हैं।
मोहित गोयल यूपी के शामली के गढ़ीपुख्ता इलाके के रहने वाले हैं।
मोहित के पिता राजेश गोयल एक किराना मालिक हैं और उनके स्टोर का नाम ‘राम जी’ है।
बेहद ही साधारण परिवार में जन्में मोहित के बारे में उनके पिता ने कहा कि उन्हें हमेशा लगता था कि उनका बेटा कुछ बड़ा करने वाला है।
मोहित ने नोएडा के एमआईटी यूनिवर्सिटी से पढा़ई की और उसके बाद पैसे उधार लेकर मोबाइल कंपनी खोली।
जिसके बाद उन्होंने रिंगिंग बेल्स कंपनी खोली अपने मित्र अशोक चड्ढा से मिलकर, जो कि कंपनी के प्रेसिडेंट हैं।
अशोक चड्ढा ने आईआईटी से पढ़ाई की है। कंपनी का कहना है कि वह एक साल के अंदर भारतीय मोबाइल बाजार का 40 फीसदी अपने नाम करा लेना चाहती है।
मोहित की पत्नी धारणा कंपनी की सीईओ है। दोनों ने हाल ही में शादी की है।
लेकिन फ्रीडम फोन के लांच होते ही यह विवादों में फंस गया क्योंकि दुनिया में सबसे सस्ता ‘मेड इन इंडिया’ स्मार्टफोन की प्री-बुकिंग शुरू होने के पहले कुछ घंटे में ही वेबसाइट फ्रीडम 251 डॉट कॉम क्रैश हो गया।
वेबसाइट को प्रति सेकेंड छह लाख हिट मिलने के कारण फोन बनाने वाली कंपनी रिंगिंग बेल्स प्राइवेट लिमिटेड ने कुछ ही घंटे में ऑनलाइन प्रीबुकिंग बंद कर दी और वादा किया कि इसे 24 घंटे के अंदर फिर से शुरू किया जाएगा।
फोन के विज्ञापन में प्रकाशित तस्वीर के मुताबिक फोन के सभी आईकॉन और एप एप्पल के आईओएस आईकॉन जैसे हैं इसलिए ये फोन विवादों में फंस गया।
(अंकुर शर्मा/oneindia.com)




