Uncategorized

केन्या में बस पर हमला, 28 मरे

नैरोबी : केन्या के मंडेरा काउंटी में शनिवार को एक बस पर किए गए हमले में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मंडेरा के उप काउंटी आयुक्त एल्विस कोरिर ने बताया कि सुबह लगभग 5.30 बजे 100 के करीब हथियारबंद लोगों ने नैरोबी जा रही बस को रोका और सभी यात्रियों को बस से उतरने के लिए कहा।

कोरिर ने कहा, “हमें जानकारी मिली है कि बस जैसे ही अरबिया इलाके से गुजरी, 100 हथियारबंद लोगों ने बस को रास्ते में रोक लिया और सभी यात्रियों से नीचे आने के लिए कहा। उन्होंने सोमाली और गैर सोमाली के समूह में यात्रियों को बंट जाने के लिए कहा और गैर सोमाली यात्रियों को गोलियों से भून डाला।”

उन्होंने बताया, “हमें यह भी पता चला कि 28 यात्री मारे गए और कई अन्य घायल हुए, लेकिन हमें अभी सही संख्या का पता नहीं चल पाया है।”

मंडेरा काउंटी के पुलिस कमांडर नोआ मविवांडा ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि हमलावर सोमालिया के अल-शबाब संगठन के थे। उन्होंने कहा कि हमला केन्या-सोमालिया सीमा के पास किया गया। (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button