नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के धरने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली और केन्द्र सरकार को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने छह सप्ताह में जवाब देने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट के दो वकीलों ने जनहित याचिका दाखिल की थी। इनमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनकी कैबिनेट और आम आदमी पार्टी के समर्थकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि इन सभी ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया था। दिल्ली के दिल में धरने से आम लोगों को काफी मुश्किलें पेश आई। मुख्यमंत्री ने अपने पद की गरिमा का खयाल नहीं रखा। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ का उल्लंघन किया। जनहित याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने केन्द्र और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया।
इस बीच दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल के धरने को लेकर चार एफआईआर दर्ज की है। दो महिला शिक्षिकाओं की शिकायत पर बुधवार को एफआआईआर दर्ज हुई थी। शिक्षिकाओं का आरोप है कि जब वे अपनी समस्याओं को लेकर केजरीवाल से मिलने धरना स्थल पर गई तो आम आदमी पार्टी के समर्थकों ने उन्हें रोका और परेशान किया। अन्य दो एफआईआर सोमवार और मंगलवार को दर्ज की गई थी जब केजरीवाल का धरना चल रहा था।
किसी भी एफआईआर में केजरीवाल का नाम नहीं है लेकिन शिकायतकर्ताओं ने कथित रूप से केजरीवाल का नाम उल्लेखित किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जब चार्जशीट दाखिल की जाएगी तब केजरीवाल का नाम उसमें शामिल किया जा सकता है। केजरीवाल के धरने के दौरान आप समर्थकों और पुलिस के बीच जमकर झड़पें हुई थी। इनमें 31 लोग घायल हो गए थे। घायलों में पुलिस वाले और मीडियाकर्मी भी शामिल थे।




