Uncategorized

कुर्ता-फाड़ विधायक का तमाशा

रांची : झारखंड विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन (सोमवार को) झारखंड‍ विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के विधायक समरेश सिंह ने विस्‍थापन का सवाल उठाते हुए विधानसभा अध्‍यक्ष (स्‍पीकर) सीपी सिंह के आसन के समीप जाकर अपना कुर्त्‍ता फाड़ने की कोशिश की। विपक्षी दल के साथ सत्‍ता पक्ष के सदस्य भी अपनी जगह पर खड़े होकर लगातार स्‍पीकर तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश करते दिखे। सिंह के बार बार अनुरोध के बीच हंगामा नहीं थमा। दो बार स्‍थगन के बाद आखिर में कार्रवाही मंगलवार ग्‍यारह बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गयी। सोमवार को प्रश्‍नकाल, मुख्‍यमंत्री प्रश्‍नकाल और ध्‍यानाकर्षण प्रस्‍ताव लाया जाना था।

विस सत्र के दूसरे दिन विधानसभा परिसर में विपक्ष में शामिल झाविमो, कांग्रेस, राष्‍ट्रीय जनता दल के विधायकों ने सरकार विरोधी नारे लगाकर अपनी मंशा पहले ही जता दी थी। विधायक समरेश सिंह ने बैनर पहन रखा था जिसमें लिखा था, ‘‘एचईसी, नागा बाबा खटाल, इस्‍लामनगर, रूगडी गढा, ईसीसीएल, बीसीसीएल, बोकारो स्‍टील प्‍लांट एवं अन्‍य जगहों पर बसे गरीबों की झोपड़ी को वैद्यता प्रदान करो।’’ वहीं अन्‍य विधायक नगड़ी जमीन अधिग्रहण और एयरपोर्ट विस्‍थापन मामले में सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। सोमवार को प्रश्‍नकाल, मुख्‍यमंत्री प्रश्‍नकाल के साथ ध्‍यानाकर्षण प्रस्‍ताव लाया जाना था। जो हंगामे के कारण नहीं हो सका।

सोमवार को ग्‍यारह बजे सत्र शुरू होने के बाद सत्‍ता में शामिल तथा विपक्ष के विधायकों ने हंगामा शुरू किया। इसमें पारा शिक्षकों के स्‍थायीकरण के साथ विस्‍थापन का मुद्दा शामिल था। इसी बीच विधायक समरेश सिंह ने स्‍पीकर के समीप जाकर मुख्‍यमंत्री से अपनी बात कही और फिर उन्‍होंने अपना कुर्त्‍ता फाड़ दिया। इसके बाद अध्‍यक्ष ने कार्रवाही दोपहर बारह बजे तक के लिए स्‍थगित कर दिया। जब बारह बजे कार्रवाही दोबारा शुरू की गयी तो सदन में हंगामे की स्थिति थी और कार्रवाही दूसरी बार दोपहर साढे बारह बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गयी। साढे बारह बजे सत्र शुरू हुआ पर हंगामा नहीं थमा और कार्रवाही को मंगलवार ग्‍यारह बजे तक के लिए स्‍थगित कर दिया गया।

जनता का हित सबसे पहले : समरेश
रांची : कुर्त्‍ता फाड़ने के प्रकरण में पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए विधायक समरेश सिंह का कहना था कि बोकारो में 36 एकड़ जमीन बोकारो स्‍टील प्‍लांट को नहीं दिये जाने पर सहमति बन गयी थी पर उपायुक्‍त ने आदेश जारी कर गांव के लोगों को जमीन खाली करने कहा है। यही बात वो सदन में मुख्‍यमंत्री के समक्ष रख रहे थे। उन्‍होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री ने मिलकर बात करने की बात कही पर ऐसा पहले भी हो चुका है। सिंह ने कहा, ‘‘मैं पूरी तरह असहाय था और मैंने कुर्त्‍ता फाड़कर कहा गोली चलानी है तो सबसे पहले मेरे सीने में चलाओ गोली। जनता का हित सर्वोपरि है।’’ इस बीच समरेश सिंह नाटकीय अंदाज में विधानसभा परिसर में कुर्त्‍ता उतारकर अंदर की घटना का जिक्र मीडिया के लोगों को बता रहे थे।

सदन की मर्यादा समझें सदस्‍य : विस अध्‍यक्ष
रांची : सदन की कार्यवाही स्‍थगित होने के बाद विधानसभा अध्‍यक्ष सिंह ने कहा है कि वो सत्‍ता पक्ष और विपक्ष के सदस्‍यों के साथ सर्वदलीय बैठक कर उनसे आग्रह करेंगे कि सदन सुचारू, शांतिपूर्ण रूप से चलाया जाये। हालांकि उन्‍होंने समरेश सिंह के कुर्त्‍ता फाड़ने की बात पर किसी तरह की टिप्‍पणी करने से इंकार कर दिया। उन्‍होंने कहा कि हर सदस्‍यों को बात रखने का अधिकार प्राप्‍त रहे और वो अपने क्षेत्रीय समस्‍याओं के साथ साथ राज्‍य की समस्‍याओं को उठा सकें इसे सुनिश्चित किया जाएगा। पर जिस तरह कार्यवाही बाधित हुई वो उससे बहुत आहत हैं। श्री सिंह ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में सदन के अंदर बात नहीं सुनी जा रही। उन्‍होंने कहा कि मंगलवार को कार्यमंत्रणा समिति की बैठक बुलायी जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button