Uncategorized

टेस्ट रैंकिंग : कोहली अपने करियर के सबसे अच्छे मुकाम पर

दुबई: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से बुधवार को जारी की गई टेस्ट बल्लेबाजों की वैश्विक रैंकिंग में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह इस रैंकिंग में कोहली का अब तक का सबसे ऊंचा मुकाम है। मोहाली में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच इंग्लैंड को आठ विकेट से मात देकर भारत को सीरीज में 2-0 से बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले कोहली टी-20- रैंकिंग में पहले और एकदिवसीय रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज हैं।

पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में कोहली ने भारत के लिए पहली पारी में 62 और दूसरी पारी में नाबाद छह रनों का योगदान दिया था।

टेस्ट रैंकिग में आस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ पहले और इंग्लैंड के खिलाड़ी जोए रूट दूसरे स्थान पर हैं। कोहली और रूट के बीच अब सिर्फ 14 रेटिंग अंकों का अंतर रह गया है।

इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला की शुरुआत से पहले कोहली रैंकिंग में 15वें स्थान पर थे लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचोंे की सीरीज के के शुरुआती तीन टेस्ट मैचों में उन्होंने 405 रन बनाकर लंबी छलांग लगाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।

इस रैंकिंग में भारत के चेतेश्वर पुजारा आठवें स्थान पर हैं और अजिंक्य रहाणे को 12वां स्थान हासिल हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button