Uncategorized

कानपुर एकदिवसीय : भारत ने श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की

कानपुर: सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (119) के नेतृत्व में अपने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने ग्रीनपार्क स्टेडियम में बुधवार को खेले गए तीसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला 2-1 से अपने नाम कर ली। धवन को मैन ऑफ द मैच और विराट कोहली को मैन आफ द सीरीज चुना गया। भारत ने कोच्चि में खेले गए पहले मैच में छह विकेट से जीत हासिल की थी जबकि कैरेबियाई टीम ने विशाखापट्टनम में दो विकेट से जीत हासिल कर श्रृंखला को बराबर किया था।

कैरेबियाई टीम ने टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 264 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे उसने 46.1 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 23 रनों पर नाबाद लौटे।

अपने करियर का पांचवां शतक लगाने वाले धवन ने अब तक की सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी मे 95 गेंदों पर 20 चौके लगाए। धवन के अलावा युवराज सिंह ने 55 और सुरेश रैना ने 34 रनों का योगदान दिया।

धवन ने युवराज के साथ तीसरे विकेट के लिए 129, विराट कोहली (19) के साथ दूसरे विकेट लिए 32 और 43 गेंदों पर तीन चौके लगाने वाले रैना के साथ चौथे विकेट के लिए 28 रन जोड़े।

कोहली का विकेट 60 के कुल योग पर गिरने के बाद युवराज ने धवन का शानदार साथ दिया और 74 गेंदों पर सात चौके लगाए। युवराज का विकेट 190 और धवन का 218 रनों के कुल योग पर गिरा।

धवन की विदाई के बाद 23 गेंदों पर तीन चौके लगाने वाले कप्तान धौनी और रैना ने पांचवें विकेट के लिए 37 रन जोड़े। वेस्टइंडीज की ओर से रवि रामपाल और ड्वेंन ब्रावो ने दो-दो विकेट लिए।

मैन ऑफ सीरीज से नवाजे गए कोहली ने तीन मैचों में 68 के औसत से 204 रन बनाए। इसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 99 रहा है। इस श्रृंखला में सिर्फ एक शतक लगा और वह धवन के नाम रहा। धवन ने तीन मैचों में 159 रन बटोरे।

इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरिबियाई टीम ने 50 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 263 रन बनाए। इसमें मार्लन सैमुएल्स के 71 और कीरन पॉवेल के 70 रन शामिल हैं।

भारत की तरफ से रविचंद्रन आश्विन ने दो विकेट लिए जबकि मोहम्मद समी, रविंद्र जडेजा और भुवनेश्वर कुमार को एक-एक सफलता मिली।

वेस्टइंडीज की तरफ से 93 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का लगाने वाले सैमुएल्स और 81 गेंदों पर नौ चौके जड़ने वाले पॉवेल के अलावा डारेन ब्रावो ने 51 और डारेन सैमी ने 37 रन बनाए।

ब्रावो ने 53 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाए। बीते मैच में कैरेबियाई टीम को जीत दिलाने वाले सैमी ने एक बार फिर बल्ले के साथ कमाल करते हुए 29 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के लगाए।

कानपुर में पांच साल बाद कोई मैच खेला गया। यहां भारत ने अपने अंतिम मैच में इंग्लैंड को हराया था और उससे पहले पाकिस्तान को पटखनी दी थी। इस मैदान पर भारत 12 में से नौ मैच जीत चुका है। (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button