Uncategorized

कर्नाटकः कुमारस्वामी आज शाम लेंगे शपथ, समारोह के बहाने दिखेगा विपक्षी एकता का ग्रैंड शो

Bengaluru: कर्नाटक में सरकार बनाने की तैयारी कांग्रेस-जेडीएस ने पूरी कर ली है. बुधवार शाम जेडीएस के कुमारस्वामी की ताजपोशी होगी. उनके साथ कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष जी परमेश्वर डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे. विधानसभा अध्यक्ष का पद भी कांग्रेस को मिला है, जबकि डिप्टी स्पीकर जेडीएस से होगा. खबर है कि गुरुवार को केआर रमेश कुमार को स्पीकर चुना जाएगा.

ताजपोशी से पहले पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले जेडीएस नेता बुधवार की सुबह चामुंडी मंदिर जाकर पूजा अर्चना कर, मां चामुंडेश्वरी का आशीर्वाद लिया. इसके बाद 12.30 बजे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड एयरपोर्ट बेंगलुरु पहुंचेंगे. कुमारस्वामी शाम को 4.30 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

कैबिनेट का स्वरुप हुआ फाइनल

बुधवार को शपथ लेने के बाद कुमारस्वामी 24 मई को विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे. खबर है कि विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के बाद कैबिनेट विस्तार किया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस-जेडीएस में कैबिनेट में जगह को लेकर भी बातचीत फाइनल हो गई है. कांग्रेस के 22 और जेडीएस के 12 विधायकों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है.

इसे भी पढ़ेंः आखिर क्यों सहयोगियों और क्षेत्रीय दलों का भरोसा खो रही मोदी-शाह की जोड़ी ?

विपक्षी एकता का ग्रैंड शो

बुधवार को होने वाले शपथ समारोह में 2019 आम चुनाव से पहले विपक्ष की मोर्चा बंदी भी देखने को मिलेगी. इस कार्यक्रम में  विपक्ष के दिग्गजों नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी के अलावा बीएसपी प्रमुख मायावती, सपा नेता अखिलेश यादव, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, डीएमके नेता कनिमोझी समेत अन्य दिग्गज नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. कुमारस्‍वामी ने सभी क्षेत्रीय नेताओं को व्यक्तिगत तौर पर समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. बता दें कि तेजस्वी यादव और ममता बनर्जी शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने के लिए पहले ही बेंगलुरु पहुंच गए हैं. वही इस दौरान मायावती और अखिलेश यादव एकसाथ मंच साझा करते भी दिखेंगे. हालांकि विपक्षी पार्टियों के दिग्गजों के बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव समारोह में शामिल नहीं होंगे.

इसे भी पढ़ेंःआर्चबिशप अनिल कुटो की ईसाई धर्मावलंबियो से अपील- लोकतंत्र बचाने के लिये हर शुक्रवार रखें व्रत

गौरतलब है कि बीजेपी ने कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण का बॉयकॉट किया है. बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा गांधी प्रतिमा के साथ सुबह सवा ग्यारह बजे प्रदर्शन करेंगे. ज्ञात है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 12 मई को मतदान हुए थे, जबकि 15 मई को नतीजे आए थे. इसमें 104 सीटें जीतकर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, जबकि कांग्रेस को 78 सीटों और जेडीएस को 37 सीटों पर जीत मिली थी.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button