Uncategorized

उप्र : यात्राओं के जरिए चुनावी गोटी लाल करने की कवायद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले सभी राजनीतिक दल चुनवी यात्राओं के जरिए मैदान में उतर रहे हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जहां 3 नवम्बर से समाजवादी विकास रथ यात्रा लेकर निकल रहे हैं, वहीं ठीक दो दिन बाद यानि 5 नवम्बर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता भी परिवर्तन यात्रा शुरू कर प्रदेश के चुनावी अखाड़े में उतरने जा रहे हैं।

भले ही भाजपा ने अब तक अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला नहीं किया है, लेकिन उसके अभियान के केंद्र में मुख्य रूप से राजनाथ सिंह, कलराज मिश्र और केशव प्रसाद मौर्य रहेंगे। परिवर्तन यात्रा के रथों पर भी इनकी तस्वीरें दिखेंगी।

भाजपा के यात्रा रथों (बस) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के फोटो के अलावा इन नेताओं की भी तस्वीरें नजर आएंगी।

पहली परिवर्तन यात्र पांच नवंबर को सहारनपुर से शुरू होगी, जबकि दूसरी यात्रा छह नवंबर को झांसी से, तीसरी आठ नवम्बर को सोनभद्र से और चौथी नौ नवंबर को बलिया से शुरू होगी। इन यात्रओं के लिए चार रथों को तैयार किया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र राज्य में पार्टी के सबसे बड़े व प्रमुख नेताओं में शुमार किए जाते हैं। केशव प्रसाद मौर्य पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं, लेकिन सबसे चौंकाने वाला नाम उमा भारती का है। प्रदेश से विधायक और सांसद रहने के बावजूद उनकी जड़ें मध्य प्रदेश में हैं। मध्य प्रदेश उनकी जन्मभूमि, राजनीतिक कर्मभूमि है और वह वहां की मुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं।

भाजपा के प्रदेश महासचिव विजय बहादुर पाठक ने आईएएनएस को बताया कि चार जगहों से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत होगी। इन सभी जगहों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के उपस्थित रहने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी कुछ जगहों पर बुलाने के प्रयास हो रहे हैं।

भाजपा के सूत्रों के मुताबिक, परिवर्तन रथों पर दो नारे ‘न गुंडाराज, न भ्रष्टाचार, अबकी बार भाजपा सरकार’ और ‘पूर्ण बहुमत संपूर्ण विकास, भाजपा पर है विश्वास’ प्रचार अभियान में अहम रहेंगे, जबकि रथ के गेट पर मिशन-265 प्लस और पीछे परिवर्तन यात्रा लिखा गया है।

उधर, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समाजवादी विकास रथ को सपा के झंडे के रंग के हिसाब से बनाया गया है। इस रथ पर मुलायम सिंह यादव और अखिलेश की आदमकद तस्वीरें लगी हैं।

पिछले विधानसभा चुनावों में जब अखिलेश क्रांति रथ यात्रा पर निकले थे, तब जनता के पास उम्मीदें लेकर पहुंचे थे। इस बार वे विकास और पूरे हुए वादे के नारे के साथ जनता के बीच जाएंगे।

इस रथ यात्रा के लिए खास तौर से एक प्रचार वीडियो भी तैयार किया गया है। इस वीडियो के बोल हैं ‘काम बोलता है’। यह वीडियो पहले ही हिट हो चुका है। यह वीडियो रथ यात्रा के दौरान कई बार दिखाया जाएगा।

सपा के प्रवक्ता राजेंद्र चैधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनता के लिए काफी काम किए हैं। वह अपनी उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। जनता उन पर भरोसा करती है।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखकर समाजवादी रथ को तैयार किया गया है। रथ में एलईडी स्क्रीन पर सीएम अखिलेश की बड़ी तस्वीर होगी। इस रथ को ऐसे डिजाइन किया गया है कि अखिलेश यादव को लोग आसानी से देख सकें। रथ में एक मिनी सीएम ऑफिस भी बनाया गया है। साथ ही यह इंटरनेट और वाई-फाई जैसी सुविधाओं से भी लैस है।
(विद्या शंकर राय)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button