बिहार यूपी में मोदी का जलवा होगा आम चुनाव में: एबीपी सर्वे
नई दिल्ली: अगले लोकसभा चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। न्यूज चैनल एबीपी द्वारा फरवरी में कराए गए सर्वे में यूपी और बिहार में ‘मोदी लहर’ का असर देखने को मिल रहा है। चैनल के मुताबिक यूपी की 80 सीटों में से बीजेपी को 40, कांग्रेस को 11, एसपी को 14 बीएसपी 13 जबकि आप और अन्य को 1-1 सीटें मिलेंगी।
सर्वे के मुताबिक, पूर्वी यूपी की 36 सीटों में से कांग्रेस को सिर्फ 4 जबकि बीजेपी को 17 सीटें मिलने का अनुमान है। न्यूज चैनल के मुताबिक इस इलाके में एसपी को 5 और बीएसपी को 9 सीटें मिलेंगी। हालांकि दिल्ली में पहली ही बार में सत्ता तक पहुंचने वाली आम आदमी पार्टी (आप) का यहां खाता तक नहीं खुलता दिख रहा है।
चैनल के सर्वे में मध्य यूपी की 12 सीटों पर भी बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है। इस इलाके में बीजेपी को 5, कांग्रेस को 3, एसपी और बीएसपी को 2- 2 सीटें मिलने का अनुमान है। हालांकि यहां भी आप खाता खोलने में नाकाम होती दिख रही है। वहीं, बुंदेलखंड में कांग्रेस का सफाया होता दिख रहा है। बुंदेलखंड की 4 सीटों में बीजेपी को 2, एसपी और बीएसपी को 1-1 सीट मिलने का अनुमान है।
किसान बहुल इलाके पश्चिमी यूपी की 28 में से बीजेपी को 16 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस को 4, एसपी को 6, बीएसपी और आप को 1-1 सीटें मिलने का अनुमान है। सूत्रों की मानें तो गन्ना किसानों की खराब माली हालत, किसानों के प्रति सरकार की उदासीनता और मुजफ्फरनगर दंगे जैसे मुद्दे इस चुनाव में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। जानकारों की मानें तो केंद्र में कांग्रेसनीत यूपीए सरकार पर महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे भारी पड़ सकते हैं। इसी वजह से कांग्रेस को पूरे यूपी में भारी नुकसान होता दिख रहा है जबकि समाजवादी पार्टी पर राज्य में क्राइम और पार्टी नेताओं की गुंडागर्दी का मुद्दा भारी पड़ सकता है।
बिहार में भी मोदी फैक्टर काम करता दिख रहा है। सर्वे के मुताबिक बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है जबकि जेडीयू को भारी नुकसान होता दिख रहा है। सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस-एलजेपी-आरजेडी मिलकर लड़ें तो बीजेपी को कुछ सीटें गंवानी पड़ सकती हैं जबकि इस गठबंधन को फायदा होगा। चैनल के मुताबिक बिहार की 40 सीटें में से बीजेपी को 21, कांग्रेस को 2, जेडीयू को 9, आरजेडी को 5, एलजेपी 1 और अन्य को 2 सीटें मिलने का अनुमान है। मतलब यह कि इस सूबे में भी मोदी लहर काम कर रहा है और बीजेपी को भारी फायदा होगा।




