News Wing
Gujrat, 23 October: पाटीदार नेता नरेंद्र पटेल ने एक बड़ा दावा करते हुए बीजेपी के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है. उन्होंने बीजेपी पर उन्हें खरीदने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. उनके मुताबिक उन्हें बीजेपी की ओर से एक करोड़ रुपये की पेशकश की गई है. साथ ही उनके अनुसार उन्हें 10 लाख रुपए एडवांस के तौर पर दिए गए थे और बाकी के 90 लाख रुपए सोमवार को मिलने वाले थे.
पैसे लेकर मीडिया के सामने पेश हुए नरेंद्र पटेल
बता दें कि नरेंद्र पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी. इस दौरान वो 10 लाख रुपए नकद लेकर मीडिया के सामने पेश हुए थे. उन्होंने कहा कि वरुण पटेल ने मेरे लिए बीजेपी के साथ एक करोड़ रुपये की डील की थी. लेकिन वो मुझे पूरा रिजर्व बैंक भी दे देंगे तो वो मुझे खरीद नहीं पाएंगे.
बीजेपी को बेनकाब कर सकें इसलिए लिये पैसे एडवांस
10 लाख रुपये एडवांस लेने के सवाल का जवाब देते हुए नरेंद्र पटेल ने कहा कि उन्होंने एडवांस रुपये इसलिए लिए ताकि वो वरुण पटेल और बीजेपी को मीडिया के सामने बेनकाब कर सकें.
पहले ही दो पाटीदार नेता बीजेपी में हो चुके हैं शामिल
इधर पाटीदार समाज के दो नेता रेशमा पटेल और वरुण पटेल पहले ही बीजेपी में शामिल हो चुके हैं. जबकि ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया है. वहीं हार्दिक पटेल ने बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस को सशर्त समर्थन देने की बात कही है.




