Uncategorized

आईसीसी रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंचे रोहित

Dubai : भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ खत्म हुई तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में करियर के तीसरे दोहरे शतक के दम पर आईसीसी की एकदिवसीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो पायदान के सुधार के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गये. यह पहली बार है जब इस बल्लेबाज ने रैंकिंग में 800 अंकों का आंकड़ा पार किया है. रोहित की कप्तानी में भारत ने श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की. श्रृंखला के बाद रोहित के 816 अंक हैं.

2016 में रैकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंचे थे रोहित

रोहित इससे पहले फरवरी 2016 में रैकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंचे थे. मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में 208 रन की नाबाद पारी के बाद उनके 825 अंक हो गये थे जो उनके सर्वोच्च रेटिंग अंक हैं. रोहित के साथ भारतीय पारी का आगाज करने वाले मैन ऑफ द सीरीज रहे शिखर धवन भी एक स्थान के सुधार के साथ रैंकिंग में 14वें स्थान पर पहुंच गये. उन्होंने विशाखापत्तनम में आखिरी एकदिवसीय में नाबाद 100 रन के साथ श्रृंखला में कुल 168 रन बनाये. उन्होंने दूसरे मैच में 68 रन की पारी खेलने के साथ रोहित के साथ 115 रनों की साझेदारी भी की थी.

विराट कोहली रैंकिंग में 876 अंकों के साथ पहले स्थान पर

श्रृंखला में नहीं खेलने वाले भारतीय टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली रैंकिंग में 876 अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुये हैं. दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स 872 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. श्रृंखला में छह विकेट झटकने वाले भारत के लेग स्पिनर युजवेन्द्र चहल 23 स्थान के सुधार के साथ गेंदबाजी रैंकिंग में 28वें स्थान पर पहुंच गये है. चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव 16 स्थान के सुधार के साथ करियर की सर्वश्रेष्ठ 56वीं रैंकिंग पर काबिज हैं. हरफनमौला हार्दिक पंड्या भी 10 स्थान की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 45वें स्थान पर आ गये.

उपुल थरंगा रैंकिंग में 15 स्थान ऊपर चढ़ते हुये 36वें नंबर पर

श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज उपुल थरंगा रैंकिंग में 15 स्थान ऊपर चढ़ते हुये 36वें नंबर पर आ गये. उनके 571 रेटिंग अंक हैं. निरोशन डिकवेला भी सात स्थान के सुधार के साथ 37वें स्थान पर है. टीमों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है. भारतीय टीम 119 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है. भारत अगर श्रीलंका से यह श्रृंखला 3-0 से जीतता तो दक्षिण आफ्रीका (121 रेटिंग अंक) की जगह पहले स्थान पर आ जाता.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button