रांची (झारखंड): अब 2012 के साथ 2010 के राज्यसभा चुनावों की भी जांच करेगी सीबीआई. मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इस बाबत अनुशंसा कर दी है. माना जा रहा है कि सीबीआई शुक्रवार 20 अप्रैल से इस पर कार्रवाई शुरू कर देगी. प्राथमिकी दर्ज करने के अलावा पूछताछ और सबूतों की जांच का काम भी शुरू हो जाएगा. वर्ष 2010 में हुए राज्यसभा चुनाव में झामुमो के केडी सिंह और कांग्रेस के धीरज साहू जीते थे. उसी चुनाव में एक स्टिंग ऑपरेशन से छह विधायकों के नाम सामने आये थे. राज्य सरकार के निगरानी विभाग ने उनमें से चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू किया लेकिन अब तक बेनतीजा.
30 मार्च 2012 को हुए चुनाव को लेकर झारखंड हाइकोर्ट ने पूरे मामले की सीबीआइ जांच का पहले ही आदेश दिया था. सीबीआइ ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू भी कर दी है. इसमें सौमित्र शाह,सुधांशु त्रिपाठी और ननकू राम को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. सीबीआइ की एएचडी शाखा ने मुख्यालय के निर्देश पर 30 मार्च को नामकुम थाने में दर्ज प्राथमिकी को ही अपने यहां दर्ज की है. इसमें कहा गया है कि राज्यसभा चुनाव के दिन (30 मार्च) गुप्त सूचना के आधार पर आयकर विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की. इस क्रम में नामकुम स्थित रामपुर हाट के पास एक इनोवा गाड़ी पकड़ी गयी.
इसमें 2.15 करोड़ रुपये थे. यह गाड़ी (जेएच-05सी- 2185) निर्दलीय प्रत्याशी आरके अग्रवाल के भाई सुरेश अग्रवाल के नाम पर निबंधित है.शाह स्पंज का मैनेजर सुधांशु त्रिपाठी रुपये लेकर रांची आ रहा था.




