Uncategorized

अब… पुलिस दौड़ा रही है, उग्रवादी भाग रहे हैं

|| भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष रवीन्‍द्र कुमार राय की प्रेस कान्‍फ्रेंस ||

न्‍यूजविंग, रांची: भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष और सांसद रवीन्‍द्र कुमार राय ने कहा है कि साल भर पहले तक उग्रवादी दौड़ाते थे, पुलिस भागती थी… लेकिन आज मैं ये कह सकता हूं कि पुलिस दौड़ा रही है और तथाकथित उग्रवादी भाग रहे हैं। संगठित अपराधी जो काम कर रहे थे उसपर नियंत्रण लगा है। उग्रवादी संविधान को चुनौती दे रहे थे। अब या तो वो समर्पण कर रहे हैं या पुलिस के हाथों गिरफ्तार हो रहे हैं या फिर मारे जा रहे हैं। श्री राय मंगलवार को (29 दिसम्‍बर, 2015) हरमू रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इसका आयोजन स्‍थानीयता के मुद्दे अखबारों में छपे उनके बयान के स्‍पष्‍टीकरण के साथ-साथ संगठन और सरकार की उपल‍ब्धियों को बताने के लिए किया गया था। इस दौरान उनसे सरकार में शामिल वरीष्‍ठ मंत्री सरयु राय के बयान और सांसद कड़ि‍या मुंडा की सरकार पर की गयी कथित टिप्‍पणी के संबंध में भी सवाल पूछे गये।

स्‍थानीयता नहीं नियोजन नीति
रवीन्‍द्र राय ने कहा कि सरकारी नौकरियों में झारखंडियों को प्राथमिकता मिले। उनके हितों की रक्षा हो। इसपर मैं इत्‍तेफाक नहीं रखता। सरकारी कामकाज में बहाली और नामांकन में जिस नीति को माना जायेगा वो इस प्रदेश की नियोजन नीति ही हो सकती है। जिसमें सभी के हितों की रक्षा होगी। नया राज्‍य बने 15 साल गुजर गये। आज भी सामाजिक रूप से सामाजिक संस्‍था को खंडित करके इसकी प्रगति को व्‍यवधान डालने की को‍शिश कुछ लोग कहते हैं। इसलिए नियोजन नीति व्‍यवहारिक और वैज्ञानिक है और सभी के हितों की रक्षा करनेवाली है।

कांग्रेस और झामुमो नहीं बना सकी स्‍थानीय नीति
भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्‍व में निर्दलीय सरकार चली। हमारी (भाजपा) की सरकार आने से पहले झामुमो की सरकार थी। कोई नियोजन और स्‍थानीय नीति नहीं बना सका। अर्जुन मुंडा की सरकार में हेमन्‍त सोरेन जी के संयोजकत्‍व में एक कमेटी बनायी गयी थी लेकिन वो ऐसी नीति के बारे में कोई रिपोर्ट नहीं दे सके। झारखंड को अशांत करने के लिए कुछ मुद्दे ये जिन्‍दा रखना चाहते हैं। भाजपा ने छत्‍तीसगढ़ और उत्‍तराखंड में संतुलित नीति बनाकर सभी के हितों की रक्षा की है। नियोजन नीति की तिथि घोषित नहीं कर सकता हूं लेकिन जल्‍द ही इसपर काम शुरू होगा।

सरयु राय और कड़ि‍या मुंडा की टिप्‍पणी पर कहा
सरयु राय की टिप्‍पणी के संबंध में पूछे जाने पर रवीन्‍द्र राय ने कहा कि आदमी को अपने बारे में आत्‍म चिंतन करना चाहिए। हम कर्म में अपने आप को अपने दायित्‍वों को भूल नहीं जायें इसलिए उन्‍होंने आत्‍मचिंतन किया है। ये अच्‍छी बात है। वहीं खूंटी सांसद कड़ि‍या मुंडा की कथित टिप्‍पणी के संबंध में उन्‍होंने कहा कि खूंटी और दुमका जैसे आदिवासी बाहुल्‍य इलाकों में प्रधानमंत्री ने दौरा कर जनहित की योजनाओं को प्रारम्‍भ कर उनके विश्‍वास को जागृत किया है ये बड़ी बात है। हो सकता है कड़ि‍या जी की अपेक्षाएं ज्‍यादा हों।

कृषि को विशेष दर्जा
रवीन्‍द्र राय ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में कृषि को विशेष दर्जा देने का एलान किया था। अब 60 से 65 प्रतिशत जनता और ग्रामीण क्षेत्र की शत प्रतिशत जनता कृषि आधारित जिन्‍दगी जी रहा है। सब्‍जी का रेकार्ड उत्‍पादन हो रहा है। ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने की सरकार की जो मंशा है इसके कारण प्रशासनिक अधिकारी भी ग्राम विकास की योजनाओं को ध्‍यान देने के लिए विवश हो गये। आज प्रशासनिक अधिकारी नियंत्रण में आये हैं। सरकार का संदेश है कि जनहित को अनदेखा करने वाले अधिकारी को माफ नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button