Uncategorized

अन्नपूर्णा देवी होंगी झारखंड RJD की प्रदेश अध्यक्ष, रविवार को होगी घोषणा

News Wing Kodarma, 4 November: झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल की नयी प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी होंगी. रविवार को नए अध्यक्ष के रूप में उनके नाम की घोषणा की जायेगी. राज्य निर्वाचन पदाधिकारी अर्जुन यादव ने बताया कि नामांकन का शनिवार को आखरी दिन था और अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया है. निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा कि अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में राजद झारखंड में और मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अन्नपूर्णा देवी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की इच्छा व्यक्त की थी.

चुनाव का खर्च निकालने के लिए हुआ मोमेंटम झारखंड और माइनिंग शो

अध्यक्ष के लिए नामांकन करने के बाद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड में सरकार जनता के लिए काम नहीं कर रही है. 10 बड़े औद्योगिक घराने के लिए सरकार काम कर रही है. कहा कि रघुवर दास की सरकार घोषणाओं की सरकार है. काम कुछ नहीं, सिर्फ चेहरा चमकाने में सरकार मस्त है. मोमेंटम झारखंड हो या माइनिंग शो, सभी बड़े घराने और अपने आका को खुश करने के लिए किया गया है. पहले यूपी चुनाव खर्च के लिए मोमेंटम झारखंड किया गया और अब गुजरात चुनाव का खर्च निकालने के लिए माइनिंग शो किया गया है.

कानून व्यवस्था धवस्त, महिलायें असुरक्षित

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है. महिलायें पूरी तरह से असुरक्षित महसूस कर रही हैं. राजधानी रांची में लगातार हत्या और बलात्कार की घटनाएं हो रही है. मुख्यमंत्री के गृह जिले जमशेदपुर का हाल भी ऐसा ही है. राज्य में अपराधी समानांतर सरकार चला रहे हैं. महिला सुरक्षा के मामले में देश में सबसे आखरी पायदान पर झारखंड है.

रांची- जमशेदपुर सड़क नहीं बनवा सके और विकास की बात करते हैं सीएम

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री किस विकास की बात करते हैं, जब अपने घर की सड़क नहीं बनवा सके तो और क्या करेंगे. उन्होंने कहा कि तीन वर्षों में रांची-जमशेदपुर सड़क नहीं बनवा सके, जबकि इसी सड़क को लेकर जब वे मुख्यमंत्री नहीं थे तो एनएचएआइ के कार्यालय का घेराव उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ किया था. थोथी दलील देने और मीडिया में चेहरा चमकाने से विकास नहीं हो जाता है.

झारखंड में भी बनेगा महागठबंधन

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड में भी बिहार के तर्ज पर महागठबंधन बनेगा. इसकी रुपरेखा तैयार कर ली गयी है. राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव लगातार इसके लिए प्रयास कर रहे हैं. भाजपा विरोधी सभी दलों से बातें हुई है. सभी ने कहा कि नेता को लेकर कोई विवाद नहीं है.

बिहार में एक युवा से भयभीत है भाजपा और जदयू

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बिहार में एक युवा से भाजपा और जदयू के बड़े-बड़े नेता भयभीत हैं. यही वजह है कि अब व्यतिगत आरोप जैसी ओछी राजनीति पर उतर गए है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को अभिमन्यु की तरह भाजपा और जदयू के नेता चक्रव्यूह में फ़ंसाना चाहते हैं. शायद भाजपा और जदयू ने तेजस्वी की उम्र को देखकर गलत आकलन किया है. तेजस्वी अभिमन्यु नहीं आज का अर्जुन है और भाजपा और जदयू जैसे दुर्योधन की टीम को ध्वस्त कर देगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button