
Ranchi : 11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2021 का आयोजन सिमडेगा में होगा. 10 मार्च से 21 मार्च तक खेले जानेवाली इस चैंपियनशिप के लिए तैयारियां शुरू हैं.
इसके अलावे 17 मार्च से नरवाना (हरियाणा) में 11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2021 का आयोजन किया जायेगा. दोनों प्रतियोगिताओं में झारखंड की महिला और पुरुष हॉकी टीमें भी भाग लेंगी.
इसे भी पढ़ें : लुटनेवाले ने कहा- 6 लाख लुटा, लूटनेवाले का दावा- 60 लाख लूटे
एस्ट्रो टर्फ ग्राउंड पर होगा सलेक्शन ट्रायल
हॉकी झारखंड महासचिव विजय शंकर सिंह के अनुसार सिमडेगा और हरियाणा में होनेवाली हॉकी प्रतियोगिताओं के लिए हॉकी झारखंड टीम के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल किया जायेगा.
इसके लिए सिमडेगा के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 3 फरवरी की तारीख फाइनल की गयी है. इस चयन ट्रायल में राज्य के ऐसे प्लेयर (महिला एवं पुरुष हॉकी खिलाड़ी) जिनका जन्म 1 जनवरी 2005 के बाद हुआ है, वे भाग ले सकते हैं.
कोविड जांच सर्टिफिकेट जरूरी
ट्रायल में भाग लेनेवाले खिलाड़ियों को अपने साथ कई कागजात लाने होंगे. इनमें आधार कार्ड, पंचायत या नगरपालिका से निर्गत जन्म प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, हॉकी इंडिया आईडी कार्ड (यदि है तो) तथा मेडिकल बोर्ड से जारी किया उम्र पात्रता प्रमाण पत्र शामिल हैं.
ट्रायल में भाग लेनेवाले सभी प्रतिभागी अपना कोविड-19 की जांच करा कर निगेटिव रिपोर्ट साथ लेकर ही आयेंगे. चयन 3 फरवरी को सुबह 9:00 बजे से शुरू होगा. ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों में से 25 -25 महिला औऱ पुरुष खिलाड़ियों का चयन किया जायेगा.
उनके लिए एक महीने के विशेष कैंप का आयोजन भी किया जायेगा. इसके बाद उनमें से सर्वश्रेष्ठ 18-18 खिलाड़ियों को झारखंड टीम से खेलने का मौका मिलेगा.
इसे भी पढ़ें : आत्मनिर्भर भारत के लिए नार्थ-ईस्ट और असम का तेज विकास बहुत ही जरूरी : मोदी