
Ranchi : इंफाल (मणिपुर) में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2022 में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गये. इसमें हॉकी झारखंड ने हॉकी उत्तर प्रदेश को 2-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया. झारखंड टीम रविवार को फाइनल मैच में अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी हॉकी हरियाणा के साथ भिड़ेगी. झारखंड टीम की ओर से टीम की कप्तान बालो होरो ने 30वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर हाफ टाइम तक 1-0 से टीम को बढ़त दिला दी थी.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन का चुनाव 31 जुलाई को, 6 प्रमंडलों में होगा मतदान, संतोष बने कोल्हान प्रमंडलीय प्रतिनिधि
हाफ टाइम के बाद 41वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को झारखंड की निशा मिंज ने गोल में बदल कर बढ़त 2-0 कर दी. हॉकी यूपी की पूर्णिमा यादव ने 45वें मिनट में एक फील्ड गोल कर स्कोर को 2-1 कर दिया. उसके बाद दोनों टीम गोल करने के लिए संघर्ष करती रही और अंततः झारखंड ने 2-1 से मैच जीत कर लगातार दूसरे वर्ष फाइनल में प्रवेश किया. हॉकी झारखंड की यह तीसरी टीम है जो पिछले दो माह के अंदर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं के फाइनल में जगह बनायी है. झारखंड टीम के फाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह सहित अन्य ने बधाई दी है.



ये रही झारखंड टीम



अनुपमा होरो, गंगी बारला, बालो होरो (कप्तान), रजनी केरकेट्टा, पार्वती टोपनो, विनीमा धान, सिलिबिया नाग, रोशनी आइंद, पुष्पा डांग, कौशल्या कुमारी, पूर्णिमा बरवा, अंकिता बारला, स्वीटी डुंगडुंग, जमुना कुमारी, रीना कुमारी, पिंकी कुमारी, अनुप्रिया सोरेंग, निशा मिंज. टीम की कोच सुभिला मिंज और मैनेजर ईशा गुप्ता.
इसे भी पढ़ें : अवैध खनन को ले CM हेमंत का तेवर तल्ख, कहा- अवैध खनन हुआ तो अफसरों की खैर नहीं