
Ranchi : राज्य में पहली बार वर्ल्ड कप हॉकी का ट्रॉफी टूर होना तय हुआ है. अब तक की जानकारी के मुताबिक राज्य में 9 दिसंबर से 17 दिसंबर तक ट्रॉफी टूर के स्वागत की तैयारी है. हॉकी झारखंड इसके लिए जोरदार तैयारियों में लग चुका है. 8 दिसंबर को असम में इस ट्रॉफी टूर के स्वागत कार्यक्रम के बाद 9 दिसंबर को ट्रॉफी रांची पहुंचेगी. इसके बाद अगले एक सप्ताह तक राज्यभर में इसे लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा. राज्यपाल, सीएम भी इसका हिस्सा बन सकते हैं. उम्मीद की जा रही है कि विशिष्ट अतिथियों के अलावे राज्यभर के लोग भी हॉकी के खुमार में डूबेंगे.
भोलानाथ सिंह की विशेष पहल
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह के मुताबिक हॉकी झारखंड के प्रमुख और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने ट्रॉफी टूर का प्रोग्राम झारखंड में भी लाने को विशेष पहल की है. इसी का नतीजा है कि राज्य इतने अहम घटनाक्रम का हिस्सा पहली बार बनेगा. ओड़िसा में 13-29 जनवरी 2023 तक होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 से पूर्व ट्रॉफी टूर का आयोजन हो रहा है. 5 दिसंबर से इस ट्रॉफी टूर की औपचारिक शुरूआत भुवनेश्वर से होगी. इसके बाद भुवनेश्वर लौटने से पूर्व यह 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की यात्रा करेगी. इसी क्रम में यह 9 दिसंबर को रांची पहुंचेगी. हॉकी झारखंड की ओर से महासचिव व इसके सीइओ असम से इसे लेकर रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद इसे हॉकी झारखंड के मोरहाबादी स्थित कार्यालय लाया जायेगा. इसके बाद इसके सम्मान में और लोगों में जन जागरूकता को 11 दिसंबर को मोरहाबादी ग्राउंड, न्यूक्लियस मॉल में एक प्रोग्राम होगा. इसमें राज्यपाल, सीएम जैसे विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है. इसके बाद 16-17 दिसंबर तक राज्य के विभिन्न स्कूलों में भी इसे ले जाया जायेगा. स्कूली बच्चों में हॉकी को लेकर और भी रोमांच बढ़ेगा.
बढ़ेगा हॉकी का जुनून
हॉकी इंडिया के प्रमुख दिलीप तिर्की के मुताबिक वर्ल्ड कप ट्रॉफी टूर के पीछे उददेश्य है कि हॉकी प्रशंसकों को इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी की झलक देखने को मिले. भारतीय प्रशंसक हमेशा हॉकी के प्रति जुनूनी रहे हैं. आगामी टूर्नामेंट में अपनी घरेलू टीम को समर्थन देने के लिए वे उत्सुक हैं. इस टूर से प्रशंसकों को खेल से जुड़े रहने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा.
गौरतलब है कि एफआईएच ओड़िशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला में 13 जनवरी से 29 जनवरी 2023 तक आयोजित होना है. मेजबान भारत को स्पेन, इंग्लैंड और वेल्स के साथ पुल डी में रखा गया है. स्पेन के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत भारतीय टीम 13 जनवरी को करेगी. इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, नीदरलैंड, अर्जेंटिना, जर्मनी, न्यूजीलैंड, फ्रांस, कोरिया, मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका, जापान और चिली सहित कुल 16 टीमें हुनर दिखाएंगी.
इसे भी पढ़ें: गुमला : 1700 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को गर्म कपड़े दिलाने की तैयारी