
Akshay Kumra Jha
लोकसभा चुनाव के पहले राज्य सरकार ने कई उच्च अधिकारियों का तबादला करने की तैयारी की है. पुख्ता सूत्रों के मुताबिक वर्तमान मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी के रिटायर होने के बाद सरकार वरीय प्रशासनिक अधिकारी और विकास आयुक्त डीके तिवारी को सीएस का पद देने जा रही है. वहीं सुखदेव सिंह को विकास आयुक्त और केके खंडेलवाल को वित्त विभाग देना तय माना जा रहा है. अब बस चुनाव आयोग की तरफ से मुहर लगनी बाकी है. झारखंड सरकार की तरफ से उक्त तीनों अधिकारियों के नाम तय कर लिये गये हैं.
31 मार्च को रिटायर होंगे वर्तमान सीएस
मालूम हो कि वर्तमान मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी 31 मार्च को रिटायर होनेवाले हैं. ऐसे में नये मुख्य सचिव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. कई नाम सामने आ रहे हैं. उनमें वर्तमान विकास आयुक्त डीके तिवारी का नाम सबसे ऊपर चल रहा है. सीएस बनने के बाद कार्मिक विभाग के वर्तमान अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल को वित्त विभाग और वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह को विकास आयुक्त का पद दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें – जेएमएम ने पत्र लिख दो वरीय पुलिस अधिकारियों को चुनाव कार्य से हटाने की मांग की
दो बार बतौर एक्सटेंशन मिला था सुधीर त्रिपाठी को
मालूम हो कि सीएस सुधीर त्रिपाठी को दो बार बतौर सीएस एक्सटेंशन मिल चुका था. उनका कार्यकाल 31 मार्च को खत्म हो रहा है. उन्हें पहला एक्सटेंशन 31 दिसंबर 2018 तक के लिए मिला था. उन्हें दूसरा एक्सटेंशन 31 मार्च 2019 तक के लिए मिला. अब श्री त्रिपाठी को तीसरा एक्सटेंशन नहीं मिलना तय है. ऐसे में अब राज्य को नया मुख्य सचिव मिलेगा.
इसे भी पढ़ें – लोकसभा चुनाव में निर्णायक होंगे सामाजिक न्याय के राजनीतिक और सामाजिक संदर्भ
झारखंड कैडर के सीएस रैंक के अधिकारी जो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं
- राजीव गौबा: 1982 बैच: केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (रिटायरमेंट- 31-08-2019)
- राजीव कुमार: 1984 बैच- केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (रिटायरमेंट: 28-02-2020)
- अमित खरे: 1985 बैच- केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (रिटायरमेंट: 30-09-2021)
- एनएन सिन्हा: 1987 बैच- केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (रिटायरमेंट: 31-07-2024)
- अलका तिवारी: 1988 बैच- केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (रिटायरमेंट: 30-09-2025)
झारखंड में पदस्थापित ये हैं सीएस रैंक के अधिकारी
- सुधीर त्रिपाठी: 1985 बैच (31 मार्च को कार्यकाल समाप्त)
- बीके त्रिपाठी: 1983 बैच (रिटायरमेंट: 31-08-2019)
- डीके तिवारी: 1986 बैच (रिटायरमेंट: 31-03-2020)
- इंदू शेखर चतुर्वेदी: 1987 बैच (रिटायरमेंट: 31-10-2022)
- सुखदेव सिंह: 1987 बैच (रिटायरमेंट:31-03-2024)
- अरूण सिंह: 1988 बैच (रिटायरमेंट: 31-12-2023)
- केके खंडेलवाल: 1988 बैच (रिटायरमेंट: 31-07-2022)
- एल खियांग्यते: 1988 बैच (रिटायरमेंट: 31-10-2024)