गिरिडीह : बीते दिनों गिरिडीह में एक धार्मिक जुलूस के दौरान हुए हिंसक झड़प के मामले में कुछ भाजपाईयों द्वारा नगर पर्षद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर लगाये गये आरोप पर नप अध्यक्ष दिनेश यादव और उपाध्यक्ष राकेश मोदी ने आपित्त जताई है। शुक्र वार को नप अध्यक्ष दिनेश यादव और उपाध्यक्ष राकेश मोदी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपाईयों ने उनपर जो आरोप लगाया है वह न सिर्फ निराधार है बल्किबेबुनियाद भी है।
उन्होंने कहा कि भाजपाईयों ने उनकी छवि को खराब करने के उद्देश्य से उन पर झड़प के दौरान हुड़दंगियों को वाहन से पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी भाजपाई के पास ऐसी कोई फुटेज है तो उसे सार्वजनिक करने करे और उन्हें किस आधार पर संदिग्ध कहा गया है यह भी स्पष्ट किया जाये।
आगे उन्होंने कहा कि अगर भाजपाईयों ने 72 घंटे के अंदर कोई प्रमाण नहीं दिया तो वे उनके खिलाफ कानूनी की मदद लेने के लिए बाध्य होंगे। कहा कि हिंसक झड़प के बाद मामला पूरी तरह से शांत हो गया है। लेकिन भाजपाई एक साजिश के तहत आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पर्षद की ओर से होने वाले विकास कार्य अवरूद्ध करने की कोशिश कर रहे हैं।