बेंगलुरू : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा देश में अगले 10-20 वर्षो तक सरकार में रहेगी। शाह ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक की यहां शुरुआत करते हुए अध्यक्ष ने यह बात कही। पार्टी नेता प्रकाश जावड़ेकर ने शाह के हवाले से कहा, “हमारी सरकार आ चुकी है। भाजपा अगले 10-20 वर्षो तक सत्ता में रहेगी।”
शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की 10 महीनों के कार्यकाल के दौरान की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजग सरकार ने अर्थव्यवस्था व विदेश नीति सहित विभिन्न मोर्चो पर उपलब्धियां हासिल की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने नीतिगत गतिरोध को खत्म कर दिया है, जो संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने पैदा किया था।
शाह ने कहा, “हम नई राजनीतिक संस्कृति लेकर आए हैं, हमने नीतिगत गतिरोध के युग को समाप्त कर दिया है।”