रांची : रांची से करीब 50 किलोमीटर दूर मुरहू थाना क्षेत्र के नामसिल्ली पतराबेड़ा पथ पर बीती रात नक्सली गुटों में भिड़त होने की खबर है। बुधवार सुबह बुरूडीह खेल मैदान से पुलिस ने पांच लाशें बरामद की। इस घटना के बाद पूरे इलाके के लोग दहशत में हैं।
इस संबंध में खूंटी के एसडीपीओ अश्विनी कुमार सिन्हा का कहना है कि मारे गये नक्सलियों की पहचान नहीं हो सकी है। यह भी पता नहीं चल सका है कि किस अपराधी गिरोह या नक्सली संगठन ने घटना को अंजाम दिया है। पर उन्होंने संकेत दिया कि यह क्षेत्र में वर्चस्व बढाने का परिणाम हो सकता है। इधर पुलिस ने जो शव बरामद किया है उसमें एक शव पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट आफ इंडिया (पीएलएफआई) के जोनल कमांडर सनिका कंडीर के होने की शंका जताई है। पर अन्य चार शव किस नक्सली के हैं इसकी पहचान पुलिस नहीं कर सकी।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार (23 जुलाई) की देर रात 12 से एक बजे के बीच नामसिल्ली में लोगों ने गोलियों के तड़तड़ाहट की आवाज सुनी। जिसके बाद सभी अपने अपने घरों में दुबके रहे। गोलियों की आवाज से लोग दहशत में थे। कोई भी अपने घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बुधवार की सुबह जब लोग निकले तो उन्होंने देखा कि बुरूडीह खेल मैदान में लगे तंबू के पास एक शव पड़ा है। वहीं पास के मैदान में चार अन्ये शव देखे जिससे ग्रामीण डर गये और सूचना थाने को दी गयी। सूचना पाकर मुरहू थाना पुलिस वहां पहुंची और छानबीन शुरू कर दी गयी।
यहां बताते चलें कि खूंटी जिला में पिछले कुछ सालों से माओवादियों व पीएलएफआई संगठन के बीच वर्चस्व की लड़ाई जारी है। बुधवार की घटना को स्थानीय लागों के साथ पुलिस भी इसी का परिणाम मान रही है। इससे पहले भी पीएलएफआई की माओवादियों के साथ पूर्व में कई मुठभेड़ हो चुकी है।

