गिरिडीह : गिरिडीह में दो गुट में बटे विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल को संगठित करने के उद्देश्य से सोमवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की एक बैठक सरस्वती शिशु विद्या मंदिर स्थित संघ कार्यालय में हुई।
बैठक में काफी देर तक चली मंत्रणा के बाद प्रदेश सह संगठन मंत्री ने बताया कि गिरिडीह जिला में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती वर्ष कार्यक्रम के संचालन के स्वागत समिति का गठन किया गया था। लेकिन समिति में कुछ त्रुटि होने के कारण सांगठनिक और स्वर्ण जयंती कार्यक्रम का कार्य प्रभावित हो रहा था। इसे देखते हुए गिरिडीह जिले में विहिप और स्वागत समिति को पूरी तरह से निरस्त कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में विभाग संचालक अर्जुन मिष्टकार स्वयं सभालेंगे। उन्होंने बताया कि संघ पदाधिकारियों के द्वारा बाद में बैठक कर सभी कमिटियों का पूर्ण गठन किया जायेगा। इस दौरान उन्होंने विहिप नेता विभाकर पांडेय के बाबत बताया कि वे पूर्व में विहिप के कई पदों पर कार्यरत रह चुके हैं। लेकिन वर्तमान में वे भाजपा नेता है, विहिप में अन्य हिन्दूओं की तरह सिर्फ एक कार्यकर्ता है।
बैठक में जिला से लेकर प्रांत स्तर के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में मुख्य रूप से हजारीबाग विभाग के अध्यक्ष डॉ बीके सिंह, विभाग संचालक अर्जुन मिष्टकार, हजारीबाग संभाग के संगठन मंत्री योगेन्द्र सिन्हा, प्रदेश सह संगठन मंत्री जीवन जीत, जिला संघ चालक जिला कार्यवाह सहित कई पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।