।। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रेस वार्ता में कहा ।।
— के ई सैम —
रांची : पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि वर्तमान सरकार को अपने 14 महीनों की उपलब्धियों को गिनाना चाहिए था पर वह जनता को यह कहकर दिगभ्रमित कर रही है कि यदि भाजपा सत्ता में आई तो सीएनटी/एसपीटी एक्ट को बदल देगी। पिछले दिनों वर्तमान सरकार ने ही सीएनटी / एसपीटी एक्ट में संशोधन करने का प्रयास किया था। श्री मुंडा बृहस्पतिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इनकी कथनी और करनी में फर्क है। केंद्र में कांग्रेस जनता को दिगभ्रमित कर रही है और झारखण्ड में झामुमो राजनीतिक लाभ लेने के लिए यह सब कर रहा है। अब उनके पास कुछ बचा नहीं है इसलिए इस तरह के आरोप भाजपा पर लगा रहे हैं।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखण्ड विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ है और मुझे विश्वास है की आगे भी हमें बहुमत प्राप्त होगा। कांग्रेस के बीके हरिप्रसाद के बयान “नरेन्द्र मोदी झूठ बोलते हैं” पर श्री मुंडा ने कहा की पहले वो यह बताएं कि अपने कार्यकाल में कांग्रेस ने कितना झूठ बोला है देश में कांग्रेस ने सेक्युलर के नाम पर जो तुष्टिकरण की प्रवृत्ति को जन्म दिया है उसे देश की जनता ने नकार दिया है।
अर्जुन मुंडा ने कहा की अच्छी योजनायें, जनता की योजनाएं राज्य में दम तोड़ रही हैं राज्य की जनता की आवश्यकताओं को भाजपा प्राथमिकता दे रही है और झारखण्ड रोज़गार और स्वरोजगार के मुद्दे पर आत्मनिर्भर हो ऐसी दीर्घकालीन योजनाएं स्थापित करना चाहती है अब समय आ गया है की इन चीजों पर विचार किया जाये।
श्री मुंडा ने कहा की जिन मुद्दों को लेकर झामुमो ने राजनीति की है वो मुद्दे कहां हैं झामुमो को ये बताना चाहिए कि स्थानीयता के मुद्दे पर जो कमिटी ने रिपोर्ट दी है उसे रोकने का कारण क्या है। उन्होंने कहा की वर्तमान सरकार जनता को दिग्भ्रमित कर रही है या खुद दिशाभ्रमित है और यदि जनता को दिग्भ्रमित कर रही है या खुद दिशाभ्रमित है तो राज्य के भविष्य के बारे में क्या सोच है इसका आंकलन किया जा सकता है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि ह्यूमन डेवलपमेंट पर काम करने की मंशा इस सरकार की नहीं है। जब जब ऐसी प्रवृत्ति पर आगे बढ़ने की कोशिश होती है ऐसी सरकारें या ऐसे दल नुक्सान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा की राज्य का पर कैपिटा इनकम भी निराशाजनक स्थिति में है सीएनटी / एसपीटी एक्ट पर प्रश्न करने पर श्री मुंडा ने कहा की हम अपने घोषणापत्र के अनुसार काम करेंगे। इस अवसर पर श्री राकेश प्रसाद एवं श्री अजय मारू भी उपस्थित थे।