नई दिल्ली : राज्यसभा में सोमवार को विपक्षी दलों के सदस्यों ने देश में बढ़ रही सांप्रदायिक घटनाओं के मुद्दे को उठाया। उन्होंने पश्चिम बंगाल में नन के साथ दुष्कर्म और हरियाणा में गिरजाघर पर हमले का जिक्र किया। इस पर सरकार ने कहा कि वह सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान मुद्दा उठाते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता डी. राजा ने कहा कि देश में कट्टरपंथी आक्रामक होते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “बेहद दुख व पीड़ा के साथ मैं यह मुद्दा उठा रहा हूं। पश्चिम बंगाल में एक नन के साथ दुष्कर्म हुआ.. और हरियाणा में एक गिरजाघर पर हमला किया गया। ईसाइयों और अन्य समुदायों पर हमलों में वृद्धि हुई है।”
डी. राजा ने कहा, “दक्षिणपंथी कट्टरपंथी ताकतें आक्रामक हो गई हैं। यदि भारत की धर्मनिरपेक्षता को आघात पहुंचाया जाता है, तो इस देश का क्या होगा?”
अन्य सांसदों ने भी डी. राजा का समर्थन किया।
इसके बाद जवाब देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सरकार सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। संबंधित राज्य सरकारों को कड़ा कदम उठाना चाहिए।
नकवी ने कहा, “मुद्दा महत्वपूर्ण है। हमारी सरकार देश में एकता एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। हम धार्मिक स्वतंत्रता पर हमले करने वाली घटनाओं के खिलाफ हैं। राज्य सरकारों को कड़ा कदम उठाना चाहिए।”