ब्रासीलिया : ब्राजील की राष्ट्रपति डिलमा रोसेफ ने रियो ओलम्पिक-2016 की मशाल का उद्घाटन करते हुए रियो ओलम्पिक को ऐतिहासिक आयोजन बनाने का संकल्प लिया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, ओलम्पिक मशाल यात्रा की शुरुआत ओलम्पिक के जन्मस्थल ग्रीस के ओलम्पिया से शुरू होगी और मई, 2016 में ब्राजील पहुंचेगी।
सफेद रंग की रियो ओलम्पिक की मशाल के ऊपरी हिस्सा में नीले और हरे रंग की लहरदार पट्टियां बनी हुई हैं। पूरी दुनिया के 300 शहरों से होकर गुजरते हुए यह मशाल ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया पहुंचेगी और ब्राजील में यात्रा शुरू करेगी।
ब्राजील में इसकी यात्रा पूरी होने के बाद पांच अगस्त को इसी मशाल से रियो ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह में ओलम्पिक ज्योति प्रज्जवलित की जाएगी।
रोसेफ ने शुक्रवार को मशाल का उद्घाटन करते हुए कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि हम अपने सामने खड़ी चुनौतियों को मात देने में सफल होंगे। हम एक ऐतिहासिक ओलम्पिक का आयोजन करने जा रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि ओलम्पिक हमारे लिए एक प्रतीक बन जाएगा। हम दिखा देंगे कि यह देश क्या कर सकता है।”
ब्राजील में 20,000 किलोमीटर की ओलम्पिक मशाल रैली में 12,000 हस्तियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। रियो-2016 के अध्यक्ष कार्लोस नुजमान के अनुसार, ओलम्पिक मशाल रैली के लिए ऐसे मार्ग को चुना जा रहा है, जिस पर अधिक से अधिक हस्तियां हिस्सेदारी कर सकें।