गिरिडीह : शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 84वें शहादत दिवस के अवसर पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह स्मारक समिति के बैनर तले मजदूर संगठन समिति, भारत नौजवान सभा के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय भगत सिंह चौक पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मसस के सचिव प्रधान मूर्मू, स्मारक समिति के संयोजक रवि रंजन सिन्हा व भानू महतो ने संयुक्त रूप से की।
इस दौरान समिति के सदस्यों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही दो मिनट का मौन रखा गया। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मसस के उपाध्यक्ष हुबलाल राय ने कहा कि भगत सिंह ने मजदूरों की जिस आजादी का सपना देखा था, वह अबतक मजदूरों को नहीं मिल पाया है। आज भी देश के मजदूर पूंजीपतियों के हाथों जकड़े हुए हैं।
द्वारिका राय ने कहा कि देश के नेता मजदूर हित में काम नहीं कर रहे हैं। कहा कि आज के मजदूर व युवा वर्ग को भगत सिंह की विचारधारा पर चलने की आवश्यकता है। स्मारक समिति के संयोजक रविरंजन सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में शहीद भगत की विचारधारा की मांग चारों ओर से हो रही है। कहा कि उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम से पहले मजदूर संगठन समिति द्वारा टुण्डी रोड से मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। जो बड़ा चौक, मकतपुर चौक, टावर चौक, बस स्टैण्ड होते हुए भगत सिंह चौक पहुंचा। वहीं भारत नौजवान सभा की ओर से भी डुमरी रोड से मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। यह रैली भी भगत सिंह चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई।
कार्यक्रम के दौरान मसस के राजेन्द्र कोल, दामोदर गोप, सोमनाथ मुखर्जी, लखन कोल, मधु राणा, सोमनाथ चांद व भारत नौजवान सभा के मुरली साहू, विजय पांडे, शुभम साव, मनोज बेसरा, अशोक सिंह, महादेव मुर्मू, मो सलीम, दिलीप सिंह, सोनू सिंह, अशोक मिश्रा, सोमर मूर्मू, प्रेम ठाकुर, बलराम सिंह, बिहुलाल टुडू, संतोष कुशवाहा सहित कई लोग मौजूद थे।