रांची : झारखंड की राजधानी में मानव तस्करी समस्या का समाधान विषय पर दो दिवसीय सम्मेलन की शुरूआत शुक्रवार से हो रही है। कार्यक्रम के संबंध में संयुक्त राष्ट्र अमेरिका (यूएस) की कांसुलेट जनरल हेलेन ने यहां प्रेस को बताया कि भारत ही नहीं दुनिया के कई देश मानव तस्करी की समस्या से जूझ रहे हैं। झारखंड में यह समस्या बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि ह्यूमन ट्रैफिकिंग कानूनी या प्रशासनिक समस्या तो है ही, इससे ज्यादा यह सामाजिक समस्या है। हमें मिल जुलकर इसका समाधान निकालना होगा। इसपर रोकथाम के लिए सरकारी स्तर पर बड़ा प्रयास करने की जरूरत है।
यहां एक स्थानीय होटल में संस्था शक्ति वाहिनी के अध्यक्ष रवि कांत और हेलेन लाफेव ने मीडिया को बताया कि झारखंड में ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसी समस्या के समाधान के लिए दो दिवसीय (27-28 मार्च) सम्मेलन रांची में शुरू होगा।
शुक्रवार से शुरू हो रहे सम्मेलन में झारखंड की समाज कल्याण मंत्री लुइस मरांडी के अलावा मानव संसाधन मंत्री डॉ नीरा यादव शामिल हो रही हैं। कार्यक्रम का समापन 28 मार्च को होगा। समापन के दिन मुख्यमंत्री रघुवर दास भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए रवि कांत ने बताया कि गरीबी व बेरोजगारी के कारण हो रहे पलायन को कैसे रोका जाये, इसपर चिंता करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट एजेंसियों को कानून के दायरे में लाना बहुत जरूरी है। छत्तीसगढ़ के साथ-साथ दिल्ली ने नया कानून बनाया गया है। झारखंड में भी ऐसे सशक्त कानून की जरूरत है।