– के ई सैम –
रांची : कडरु स्कूल रांची के निकट राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हटिया विधानसभा के झामुमो प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित एक आम सभा में कहा कि भाजपा व्यापारियों की पार्टी है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह राज्य को लूटने आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि बाप बेटे की सरकार है, तो गुरूजी मेरे बाप हैं तो इसमें मेरा क्या दोष है। अगर नरेंद्र मोदी को कोई बेटा नहीं है तो इसमें मेरा क्या दोष है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बचपन में एक कहानी पढ़ी थी कि चूहों का भगाने के लिए एक बांसुरी वाला आया था जिसे बैग पाइपर कहते हैं। वही बैग पाइपर नरेंद्र मोदी हैं और वो अभी जापान में बांसुरी बजा कर भी आए हैं। श्री सोरेन ने कहा कि उनके साथ के चूहे झारखण्ड को कुतरने आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में वर्षों से भाजपा की सरकारें हैं मगर अभी केंद्र सरकार का ही आंकड़ा आया है कि देश में सबसे अधिक 50 प्रतिशत गरीब एम. पी. में हैं और 44 प्रतिशत छत्तीसगढ़ में तो यह भाजपा सरकार की नाकामियों को दर्शाता है।
झारखण्ड में भी 42 प्रतिशत गरीबी है और झारखण्ड में भी करीब 10 वर्षों तक उनका ही राज रहा है तो हमें ऐसा विकास नहीं चाहिए। हम 40 वर्षों से आन्दोलनकारी रहे हैं और हमारे लोगों का नारा था कि, लड़ के लेंगे झारखण्ड अब जनता ने हमें मौका दिया तो हम ही इस राज्य को संवारेंगे। कोल्हान और दक्षिण छोटानागपुर की 20 सीटों में से हम 15 सीटों पर जीतेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा सीधा मुकाबला भाजपा से है।
उन्होंने झामुमो के हटिया प्रत्याशी जावेद अहमद वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में केवल झामुमो ही एक ऐसी पार्टी है जो सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस सभा में झामुमो के पूर्व केन्द्रीय सदस्य रहे और जदयू के वर्तमान प्रदेश प्रवक्ता आफताब जमील दोबारा झामुमो में शामिल हो गए। हेमंत सोरेन ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। सभा में सुप्रियो भट्टाचार्य, मो. सईद, अनवर एजाज़, मुश्ताक अहमद आदि थे।