पटना : नीतीश कुमार रविवार को शाम पांच बजे बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। बिहार के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने शुक्रवार शाम पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (युनाइटेड) विधायक दल के नवनिर्वाचित नेता नीतीश कुमार को राजभवन आमंत्रित किया।
नीतीश के साथ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के रामचंद्र पूर्वे, जद (यू) के वशिष्ठ नारायण सिंह कांग्रेस के अशोक चौधरी और सदानंद सिंह भी राजभवन पहुंचे।
राजभवन से निकलने के बाद नीतीश ने पत्रकारों से कहा कि आठ फरवरी को विधायक दल की बैठक में लिए गए फैसले के आधार पर वर्तमान परिस्थिति में सरकार बनाने का अपना दावा दोहराया। राज्यपाल ने इस दावे को स्वीकार करते हुए सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने बताया कि रविवार को पांच बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। राज्यपाल ने बहुमत साबित करने के लिए 16 मार्च तक का समय दिया है।
उल्लेखनीय है कि आठ फरवरी को नीतीश कुमार अपने समर्थक 130 विधायकों के साथ राजभवन मार्च कर राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को 20 फरवरी को विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया था। मगर शुक्रवार को वांछित संख्या बल न जुट पाने के कारण मांझी ने सदन में जाने से पहले ही राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया।