के ई सैम
रांची : कांग्रेस के स्टार प्रचारक श्री राज बब्बर ने बृहस्पतिवार को रांची एयरपोर्ट पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को झारखण्ड में भाजपा के 10 साल का शासनकाल नजर नहीं आता, उन्हें सिर्फ मां-बेटे एवं बाप-बेटे की याद ज्यादा सताती है। श्री मोदी प्रधानमंत्री होते हुए झारखण्ड में चुनाव प्रचार कर भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाने का भरपूर प्रयास कर रहे हैं, परन्तु जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है, देश की जनता ने जिस विश्वानस और भरोसे के साथ भाजपा एवं मोदी की बातों में आकर उन्हें देश की सत्ता सौंपी। आज सरकार के छह माह होने को हैं, मोदी आज भी सिर्फ सपने दिखाने का काम कर रहे हैं, धरातल पर न कोई विकास दिखता है और न हीं उनके द्वारा किया गया वादा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता श्री राज बब्बर आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव डॉ शकील अहमद, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री सुखदेव भगत एवं चुनाव समिति के चेयरमेन श्री सुबोधकांत सहाय के साथ महागामा, सिन्दरी एवं झरिया में आयोजित चुनावी सभा में भाग लेने के के क्रम में रांची पहुंचे थे और सभाओं में भाग लेने के बाद वापस लौट गये। इस अवसर पर सर्वश्री सत्यनारायण सिंह, राजेश ठाकुर, अजय राय, लाल किशोरनाथ शाहदेव, संजय पाण्डेय आदि ने राज बब्बर का एयरपोर्ट पर स्वागत किया।