रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को झारखंड के लोगों से राज्य के विकास के लिए मतदान करने का आग्रह किया। मोदी ने राज्य के हजारीबाग जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, “जाति और मजहब के नाम बहुत राजनीति हो चुकी। अब विकास के नाम पर वोट देने का समय है।”
उन्होंने कहा, “विकास ही राज्य को आगे ले जाएगा।”
झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए पांच चरणों में मतदान हो रहा है। दो चरणों में मतदान हो चुका है। तीसरे चरण में 23 दिसंबर को मतदान होना है।
मोदी ने कहा, “राज्य में कोयला उत्पादन होने के बावजूद झारखंड अंधेरे में जी रहा है। ईश्वर ने राज्य को जंगलों और खदानों से संपन्न बनाया है। राज्य के पास आर्थिक शक्ति बनकर उभरने की क्षमता है।”
उन्होंने कहा कि एक नई कोयला नीति के तहत आने वाले सालों में राज्य कोयले से 20 लाख करोड़ रुपये की कमाई करेगा।
रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा और उनके बेटे जयंत सिन्हा भी मौजूद थे। जयंत हजारीबाग से सांसद और मोदी मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री हैं।