रांची : उपायुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में रांची जिले के ईरबा ग्रामीण जलापूर्ति योजना को जलमीनार तथा पम्प हाउस निर्माण के लिए भूमि आवंटन के सिलसिले में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान ईरबा राजकीय कन्या उर्दू प्राथमिक विद्यालय के समीप जलमीनार एवं पम्प हाउस निर्माण के लिए जल पथ प्रमंडल रांची की जमीन एवं विद्यालय से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गयी।
प्रशासन का मानना है कि जलमीनार के निर्माण से गांव सहित विद्यालय के बच्चों को शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। बैठक में जल पथ प्रमंडल रांची की ओर से सहायक अभियंता ने संबंधित जमीन की दाखिल खारिज कराकर उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी। साथ ही विद्यालय की प्रधानाध्यापिका से भी इस सम्बंध में मंतव्य प्राप्त किया गया।
ओरमांझी अंचलाधिकारी एवं जल पथ प्रमंडल के अभियंता को समन्वय स्थापित कर कार्य को मूर्त रूप देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता शैलेन्द्र कुमार लाल, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता निरंजन ओरमांझी के अंचलाधिकारी अमर प्रसाद, जलपथ प्रमंडल के सहायक अभियंता अनुप कुमार सामन्ता तथा विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सबनम सब्बा उपस्थित थीं।