हैदराबाद: आय से अधिक संपत्ति के मामले में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष जगनमोहन रेड्डी क़ी गिरफ्तारी के बाद आंध्र प्रदेश में विरोध का दौर शुरू हो गया है। गिरफ्तारी के विरोध में वाईएसआर कांग्रेस ने आज आंध्र प्रदेश बंद का ऐलान किया है।
वहीं जगन की गिरफ्तारी के विरोध में धरने पर बैठी उनकी मां विजयम्मा और उनकी पत्नी भारती को भी गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बाद में दोनों को छोड़ दिया गया, लेकिन इस मुद्दे पर पूरा आंध्र प्रदेश सुलग उठा है।
सीबीआई के शिविर कार्यालय दिलकुशा गेस्ट हाउस के बाहर धरना दे रहीं जगन की मां विजयम्मा, उनकी पत्नी भारती, बहन शर्मिला और परिवार के अन्य सदस्यों को महिला पुलिस ने वहां पहले से इंतजार में खड़े पुलिस वाहन में जबरन बिठा दिया। बाद में उन्हें उनके आवास पर ले जाकर छोड़ दिया गया। जगन के परिवार के सदस्यों ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जिम्मेदार ठहराया।
बाद में पुलिस ने जगन के साले अनिल कुमार, कांग्रेस सांसद सब्बम हरि, वाईएसआर कांग्रेस के नेता जे प्रभाकर राव, वाईवी सुभा रेड्डी और अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि इन सभी को निषेधाज्ञा के उल्लंघन के कारण गिरफ्तार किया गया है। पूरे हैदराबाद में निषेधाज्ञा लागू है।


विजयम्मा ने अपने बेटे की गिरफ्तारी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जिम्मेदार ठहराया है। जगन दो वर्ष पूर्व एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में दिवंगत हुए मुख्यमंत्री वाईएस राजेशखर रेड्डी के बेटे हैं। सीबीआई उनसे लगतार तीन दिनों से पूछताछ कर रही थी।




युवा नेता जगन की गिरफ्तारी के विरोध में हिंसक प्रदर्शनों की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने समूचे राज्य में हाईअलर्ट घोषित कर दिया है। पुलिस ने जगन को फिलहाल गेस्ट हाउस में रखा है। गेस्ट हाउस, जगन के आवास, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी कार्यालय और राजधानी के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।