।। नौ और 10 फरवरी को झारखंड दौरे पर रहेंगी मंत्री ।।
रांची : केंद्रीय मंत्री नजमा हेप्पलुल्ला के आगमन को देखते हुए झारखण्ड राज्य अल्पसंख्यक आयोग में एक बैठक का आयोजन किया गया। केंद्रीय मंत्री नौ और 10 फरवरी को झारखंड दौरे पर रहेंगी। इसी की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष, डॉ शाहिद अख्तर ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आयोग के प्रयास से केन्द्र सरकार के अल्पसंख्यक मामले विभाग की माननीय मंत्री नजमा हेप्पतुल्ला राज्य के दौरे पर आ रही हैं। श्रीमति हेप्पतुल्ला नौ फरवरी को सेवा विमान से रांची पहुंचेंगी। उसी दिन मदरसा इस्लामिया का दौरा कर रांची में नजरबंदी के दौरान मौलाना आजाद द्वारा उपयोग की गई सामग्रियों का निरीक्षण करेंगी।
केंद्रीय मंत्री मौलाना आजाद की इन सामग्रियों को आम लोगों को देखने के लिए म्यूजियम बनाने की योजना है। इसके लिए पुरातत्व विभाग को रिपोर्ट देने के लिए पत्र लिखा गया है। अंजुमन प्लाजा मे अवस्थित मौलाना आजाद हॉल का उद्घाटन करने के अलावा आयोग की ओर से आयोजित कार्यक्रम पैगाम-ए-इंसानियत कार्यक्रम में भी केंद्रीय मंत्री शामिल होंगी।
इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री, नगर विकास मंत्री और अन्य लोग भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राज्य भर के 700 प्रबुद्ध नागरिकों के भी भाग लेने की उम्मीद है।
मौलाना आजाद द्वारा स्थापित मदरसा एवं अन्य सामग्रियों की देख-रेख रांची के अंजुमन इस्लामिया करता है, जिसकी शासकीय इकाई वक्फ बोर्ड है। अतः कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया है।
इस बैठक में वक्फ बोर्ड के मुख्य प्रशासी पदाधिकारी और अंजुमन इस्लामिया से आये प्रतिनिधियों ने अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
बैठक के बाद बृहस्पतिवार को सभी ने मदरसा इस्लामिया और मौलाना आजाद हाल का निरीक्षण किया।