।। विकास भारती बिशुनपुर का 32 वां स्थापना दिवस मना ।।
गुमला : विकास भारती बिशुनपुर के 32 वें स्थापना दिवस पर लोहरदगा सांसद सह केन्द्र के ग्रामीण विकास कार्य राज्य मंत्री सुदर्शन भगत ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में क्रांति लाने की जरूरत है। इससे हमारा राज्य तरक्की कर सकेगा। इस अवसर पर प्रखण्ड के सातों गांवों में किसान मेला का आयोजन किया गया। इस आयोजन में कृषकों ने प्रदर्शनी भी लगायी थी। किसानों को पुरस्कृत करते हुए मुख्य अतिथि ने उक्त बातें कही।
लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि एकता में शक्ति होती है, उसी का परिणाम है कि सातों ग्राम में एकजुट होकर बांध का निर्माण किया गया है। विकास भारती का 32 वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। पिछले 32 सालों से विकास भारती शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्य कर रहा है, जो काबिले तारीफ है। विकास भारती की ओर से कृषि के क्षेत्र में किये जाने वाले कामों की भी सराहना की जानी चाहिए। विकास भारती से जुड़ कर किसान भाई जागरूक हुए हैं।
श्री भगत ने सातों ग्रामों को जाने वाली सड़क निर्माण में ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने को कहा। राज्यमंत्री सुदर्शन भगत ने सातों ग्राम के विकास में साथ रहने की बात कही।
मंत्री सुदर्शन भगत ने सांसद आदर्श ग्राम रेहेटोली में स्वच्छ भारत अभियान के तहत झाडू़ भी लगाया। आदर्श ग्राम के समुचित विकास के लिये सभी लोगों के योगदान की बाते उन्होंने कही। ग्राम में सभी प्रकार की सुविधा बहाल की जायेगी।
विकास भारती के 32वें स्थापना दिवस पर सचिव अशोक भगत ने विकास की शुरूआत से अबतक किये गये कार्यों पर प्रकाश डालते हुये कहा कि जब मैं सातों ग्राम आया था तो गांव के रति टाना भगत, कंदवा टाना भगत सहित अनेक लोगों ने बैठक कर पहाड़ में बांध का निर्माण कर सातों ग्राम में जल व्यवस्था की बात कही थी। संस्था व ग्रामीणों के सहयोग से बांध बनाया गया और सपना सच हुआ उसी समय से यहां पर किसान मेला का आयोजन होता आ रहा है।
विकास भारती के 32वें स्थापना दिवस पर आदिम जनजाति नेता सह विकास भारती के पूर्व संयुक्त सचिव सुका वृजिया की स्मृति में मालवीय पूरम में 50 शैया के चिकित्सालय का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने किया।
इस मौके पर गुमला उपायुक्त गौरी शंकर मिंज विधायक शिवशंकर उरांव (गुमला) आरक्षी अधीक्षक भीमसेन टूटी, एस.डी.ओ. नेहा अरोड़ा, प्रशिक्षु आई.ए.एस. सूरज कुमार, प्रवीण सिंह, कमला कांत पान्डे, भिखारी भगत, संजय पान्डे, सरना धर्म गुरू बन्धन तिग्गा बी.डी.ओ. रवीन्द्र गुप्ता, अरूण उरांव सहित ग्रामीण व संस्था के लोग उपस्थित थे।
(रिपोर्ट : अजय शर्मा)