नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के आवास के बाहर सोमवार सुबह प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी (आप) के लगभग सौ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आप समर्थक कैब कंपनी उबेर के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। कंपनी का चालक दिल्ली में एक 25 वर्षीया कामकाजी युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आप समर्थकों में आप के चार पूर्व विधायक भी शामिल हैं।
आप समर्थक सोमवार सुबह 7.50 बजे गृह मंत्री के आवास के बाहर जमा हुए और कैब कंपनी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करने के लिए सरकार तथा दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चिम करने के लिए कदम उठाने की भी मांग की।
पूर्व आप विधायक बंदना कुमारी (शालीमार बाग), जरनैल सिंह (तिलक नगर), दिनेश मोहनिया (संगम विहार) और विशेष रवि (करोल बाग) को अन्य सौ समर्थकों के साथ गिरफ्तार कर संसद मार्ग पुलिस थाने लाया गया है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं आप कार्यकर्ता आतिशी मर्लेना ने कहा, “हम मंत्री जी (राजनाथ सिंह) से पूछना चाहते हैं कि वह दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठा रहे हैं?”
उन्होंने कहा, “आखिरकार किसी को तो जवाबदेह होना पड़ेगा और किसी न ्र किसी को तो यह सुनिश्चित करना होगा कि यहां कानून-व्यवस्था है।”
उप पुलिस प्रमुख विजय सिंह ने आईएएनएस को बताया, “गृह मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे कम से कम 100 लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने लाया गया है।”
दिल्ली पुलिस ने रविवार शाम उबेर कैब कंपनी के 32 वर्षीय चालक को गिरफ्तार कर लिया। उस पर दिल्ली की एक 25 वर्षीया कामकाजी युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
उल्लेखनीय है कि गुड़गांव की एक कंपनी में कार्यरत युवती ने शुक्रवार रात दक्षिणी दिल्ली के वसंत विहार से उत्तरी दिल्ली के इंद्रलोक इलाके स्थित अपने घर जाने के लिए कैब ली थी। कैब चालक ने मौके का फायदा उठाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया था। आईएएनएस