BazaarBook.com
Traders Deed : Shoppers Need
On Line Bazaar Info
नई दिल्ली, 22 मार्च | नए रेल मंत्री मुकुल रॉय ने गुरुवार को उपनगरीय और गैर उपनगरीय, शयन यान, वातानुकूलित कुर्सी यान और वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के रेल किरायों में अपने पूर्ववर्ती दिनेश त्रिवेदी द्वारा रेल बजट में घोषित वृद्धि वापस ले ली। रॉय ने लोकसभा में 2012-13 के रेल बजट पर बहस का जवाब देते हुए कहा, "मैं इन श्रेणियों में वृद्धि को वापस लेकर पहले से ही बोझ से दबे आम आदमी को राहत देना चाहता हूं।"
रॉय ने कहा कि दूसरी श्रेणी की उपनगरीय व गैर उपनगरीय तथा शयनयान श्रेणी में किराए में क्रमश: दो पैसे प्रति किलोमीटर, तीन पैसे प्रति किलोमीटर और पांच पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि आम जनता की जेब पर भारी बोझ था। उन्होंने कहा, "वातानुकूलित कुर्सी यान और वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के किराए में वृद्धि भी ज्यादती है।"
रॉय ने हालांकि वातानुकूलित प्रथम श्रेणी और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के किराए में त्रिवेदी द्वारा घोषित क्रमश: 15 पैसे प्रति किलोमीटर तथा 30 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि को बरकरार रखा है। त्रिवेदी ने वातानुकूलित कुर्सी यान और वातानुकूलित तृतीय श्रेणी शयनयान के लिए 10 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि का प्रस्ताव किया था।
किराया वृद्धि वापसी को सुधार प्रक्रिया के लिए झटका बताते हुए सूत्रों ने कहा कि रॉय के इस कदम से रेलवे को अब 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान होगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "हमें इस घाटे को पूरा करने के लिए अन्य रास्ते तलाशने होंगे.. यह सुधार प्रक्रिया को एक झटका है।"
किराया वृद्धि से नाराज तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने त्रिवेदी की जगह अपने वफादार रॉय को रेल मंत्री बनाया है।
त्रिवेदी द्वारा घोषित एक अन्य योजना को भी रॉय ने स्थगित कर दिया है। त्रिवेदी ने इस बात का परीक्षण करने के लिए एक विशेषज्ञ समिति गठित करने का प्रस्ताव किया था कि क्या किसी स्वतंत्र टैरिफ विनियामक प्राधिकरण की आवश्यकता है या नहीं।
रॉय ने एक सदस्य (सार्वजनिक निजी साझेदारी) का पद सृजित कर रेलवे बोर्ड के विस्तार का त्रिवेदी का प्रस्ताव भी रद्द कर दिया।
Post new comment